CG : गड्ढे से अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराई बस, 2 की मौत
बेमेतरा जिले के कुंरा गांव में एक बड़ी दुर्घटना घट गई। रायपुर से मुंगेली चलने वाली प्राइवेट बस सर्विस की बस गड्ढों से भरी सड़क पर अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार दो ग्रामीणों की मौत हो गई। आधा दर्जन घायल हो गए। घटना नांदघाट थाना क्षेत्र की है।
यह गांव छत्तीसगढ़ शासन में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल का है। नांदघाट से मुंगेली जाने वाली मुख्य सड़क मार्ग पर स्थित इस गांव की सड़क की हालत बेहद जर्जर है। गड्ढों के कारण यह समझ में ही नहीं आता कि सड़क है भी या नहीं। इसी मार्ग से रोजाना भाटापारा से मुंगेली और रायपुर से मुंगेली प्राइवेट बस सर्विस की दो दर्जन से ज्यादा बसें चलती हैं। खराब सड़कों के बीच भाटापारा, नांदघाट से मुंगेली और मुंगेली से भाटापारा, नांदघाट और रायपुर आने जाने वाले जान हथेली पर रखकर आवाजाही करते हैं। सड़क की बदहाली ये कि चार पहिया वाहन तो दूर दोपहिया वाहन भी ठीक से नहीं चल पाता। इसी मार्ग पर दो दर्जन से ज्यादा बसें प्रतिदिन चलती है।
आरबीएस की बस रायपुर से नांदघाट होते हुए मुंगेली के लिए रवाना हुई। कुंरा पहुंचते ही बस ड्राइवर सावधानी के बस चलाते जा रहे थे, इसी बीच बड़े गड्ढे में बस का दोनों पहिया उतर गया और बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया। टक्कर इतनी भयानक थी कि बस के भीतर बैठे आधा दर्जन से ज्यादा सवारियों को गंभीर चोटें आई। इनमे से दो यात्री की मौत हो गई है। बस का सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
