लखनऊ के सआदतगंज में ताबड़तोड़ फायरिंग, 2 की मौत, आपसी विवाद में खूनी संघर्ष

लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता इलाके में आपसी विवाद में खूनी संघर्ष हो गया. दबंगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. आनन-फानन में सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य की हालत नाजुक बनी हुई है.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. डीसीपी वेस्ट ने बताया कि आपसी विवाद में गोलीबारी की यह घटना हुई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है.

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बरगद के आगे चबूतरा बनाने को लेकर विवाद हुआ था. इसमें शिवा तिवारी, उनके भाई शंभू तिवारी और शिवा के बेटे सुयश तिवारी को गोली लग गई. जिसमें दो लोगों की मौत हो गई. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है. मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद है. आला अधिकारी भी पहुंच गए हैं. मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है.

सीएमएस ट्रॉमा सेंटर के डॉक्टर प्रेमराज सिंह ने बताया कि शंभू के सीने पर गोली लगी है. शिवेंद्र और सुयश के सिर में बुलेट इंजरी है. फिलहाल, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है.