प्रयागराज में 5 करोड़ कैश जमीन में गड़ा मिला, 3 नीले ड्रमों में भरी थीं 500-500 के नोटों की गडि्डयां
प्रयागराज में जमीन के अंदर 5 करोड़ से ज्यादा रुपए गड़े मिले। यह रकम 500-500 रुपए के नोटों की गड्डियों के रूप में तीन नीले ड्रमों में भरी थीं।पुलिस ने 2 सगे भाइयों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की। वहीं, आयकर विभाग की टीम आज (29 अक्टूबर) इन नोटों की गिनती करेगी। मामला जिला मुख्यालय से 32KM दूर रामनगर गांव का बुधवार का है।
नवाबगंज इलाके के बरईपुर गांव में राकेश यादव उर्फ महाकाल का पुश्तैनी मकान है। पुलिस को राकेश के घर में चोरी के रुपए जमीन में गाड़कर रखने का इनपुट मिला था। यह बात पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया तक पहुंची।
इसके बाद बुधवार शाम 6 बजे डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार और एडीसीपी गंगानगर पुष्कर वर्मा समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इससे पहले पुलिस ने पूरे गांव की बिजली कटवा दी। फिर सर्च अभियान शुरू किया। पुलिस के मुताबिक, घर की तलाशी के दौरान जमीन में दबाकर रखे गए 3 नीले ड्रम मिले। इसमें कपड़े से कवर करके नोटों की गड्डियां रखी गई थीं। पुलिस ने कैश को कब्जे में लेकर सील कर दिया और घर की घेराबंदी कर दी।
इस दौरान सोरांव के एसीपी श्यामजीत प्रमिला सिंह भी मौजूद रहे। करीब साढ़े 4 घंटे तक घर में सर्च अभियान चलाने के बाद पुलिस साढ़े 10 बजे लौट गई। पुलिस ने राकेश यादव के भाई बबलू को भी हिरासत में लिया है। साथ ही पूरे परिवार को पुलिस टीमें अपने साथ ले गई हैं।
अभी भी घर के चारों तरफ 40 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात हैं। घर के साथ उसके बाग और खाली जमीन पर भी पुलिस ने रिबन बांध दिया है।
गांववालों ने बताया- राकेश यादव कई साल पहले पुणे में अपने बहनोई और साले के साथ रहकर एक सर्राफा व्यापारी के घर काम करता था। कोविड के समय वह घर चला आया।
इसके बाद उसने 22 बीघा जमीन खरीदी। इसकी कीमत 10 करोड़ रुपए से ज्यादा थी। फिर करीब 1 करोड़ रुपए लगाकर घर बनवाया। दो ट्रैक्टर के साथ DJ और पिकअप खरीदा। फिर यहीं पर सीमेंट-सरिया का कारोबार करने लगा।
5 से 6 दिन पहले राकेश का पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों से झगड़ा हो गया था। इसके बाद उसके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हुई थी।
इस मामले में थाने के एक दरोगा जांच करने पहुंचे थे। उनसे राकेश यादव की हॉट टॉक हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की, तो घर के अंदर करोड़ों रुपए छिपाने की कहानी सामने आई।
