Share Market : शेयर बाजार में दिखी मजबूती, सेंसेक्स 900 अंक चढ़ा; निफ्टी 23,200 के पार निकला
नवंबर महीने के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में रौनक दिखाई दी। शेयर बाजार में सोमवार, 2 नवंबर 2026 को शुरुआती कारोबार में तेजी दर्ज की गई। अमेरिकी-ईरान वार्ता में सफलता की उम्मीदों के चलते कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट के कारण प्रमुख बेंचमार्क सूचकांकों सेंसेक्स और निफ्टी में एक प्रतिशत से ज्यादा तक की तेजी दर्ज की गई।
बीएसई सेंसेक्स पिछले बंद भाव 74,459.53 के मुकाबले 75,178.24 पर खुला, जो 718.71 अंकों या 0.96 प्रतिशत की तेजी को दर्शाता है। वहीं, एनएसई निफ्टी 50 ने अपने पिछले बंद भाव 23,053.10 से 169.2 अंक या 0.73 प्रतिशत उछलकर 23,222.30 पर सत्र की शुरुआत की।
दिन के कारोबार में सेंसेक्स ने 906.53 अंकों यानी 1.21 प्रतिशत की तेजी दर्ज करते हुए 75,366.06 का उच्चतम स्तर छुआ, जबकि निफ्टी ने 248.15 अंकों यानी 1.07 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,301.25 का उच्चतम स्तर छुआ। व्यापक बाजारों में, निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 0.83 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली तो वहीं निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.63 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
बाजार में तेजी की एक प्रमुख वजह कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट रही। ईरान युद्ध खत्म करने के लिए बातचीत में प्रगति की उम्मीद के बीच पिछले सप्ताह छह महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद कच्चे तेल के दाम नीचे आए। ब्रेंट क्रूड 3.02 फीसदी गिरकर 110.01 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। वहीं, अमेरिकी कच्चे तेल डब्ल्यूटीआई की कीमत 3.05 फीसदी गिरकर 100.94 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई।
शेयर बाजार की तेजी में रिलायंस इंडस्ट्रीज का बड़ा योगदान रहा। सितंबर तिमाही के उम्मीद से बेहतर नतीजे आने के बाद कंपनी का शेयर 4.42 फीसदी चढ़ गया। टाटा स्टील के शेयर में 3.52 फीसदी और एनटीपीसी में 3.16 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। मारुति का शेयर 2.46 फीसदी चढ़ा। वहीं, पावर ग्रिड और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के शेयरों में क्रमशः 1.80 फीसदी और 1.79 फीसदी की तेजी रही।
निफ्टी ऑयल एंड गैस इंडेक्स 2.39 फीसदी चढ़ा, जबकि मेटल इंडेक्स में 1.47 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। सरकारी बैंकों के शेयरों वाला पीएसयू बैंक इंडेक्स 1.63 फीसदी और ऑटो इंडेक्स 1.20 फीसदी ऊपर रहा। निफ्टी आईटी इंडेक्स में भी 0.46 फीसदी की तेजी आई।
