भोपाल में खौफनाक वारदात… मां-पत्नी और दो बच्चों का गला रेता, खुद भी की खुदकुशी
भोपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. जहां परिवार के चार सदस्यों की हत्या के बाद परिवार के मुखिया के खुदकुशी करने की आशंका जताई जा रही है. घर के अंदर परिवार के चार सदस्यों के शव बरामद हुए हैं. जानकारी के मुताबिक परिवार के मुखिया यानी नरेंद्र साहू नाम के शख्स ने मां, पत्नी और दो मासूम बच्चों का बेरहमी से गला रेता, जिससे उनकी मौत हो गई.
इसके बाद, नरेंद्र साहू की लाश थाना सूखी सेवनिया क्षेत्र के चोपड़ा कलां स्थित रेलवे ट्रैक पर मिली है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है. सूत्रों की मानें तो पुलिस की शुरुआती जांच से यह संकेत मिल रहे हैं कि नरेंद्र साहू (35) ने अपने दो बच्चों, पत्नी और बुजुर्ग मां की हत्या करने के बाद ट्रेन के सामने आकर खुदकुशी की है.
मृतकों में नरेंद्र साहू की मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति साहू (10) और बेटा खुश साहू (6) शामिल हैं.
