रायपुर में 5 घंटे रहेंगे शाह,राज्योत्सव समापन में शामिल होंगे, विभूतियों को राज्य अलंकरण देंगे
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26वें वर्ष के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव का आज (3 नवंबर) समापन होगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान अमित शाह नवा रायपुर के पीपल वन में विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण करेंगे। वहीं, समारोह में अलग-अलग क्षेत्रों में योगदान देने वाली प्रदेश की विभूतियों को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा।
अमित शाह करीब 5 घंटे रायपुर में रहेंगे। इस दौरान वे राजधानी में 2 लोकार्पण कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान पहुंचेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री दोपहर 3:05 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे पंडरी स्थित आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के लिए रवाना होंगे।
दोपहर 3:30 बजे अस्पताल पहुंचकर शाम 5 बजे तक लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे नवा रायपुर के सेक्टर-16 स्थित पीपल वन जाएंगे। यहां विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण करेंगे। शाम 5:55 बजे उनके राज्योत्सव मैदान पहुंचने का कार्यक्रम है। वे शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक राज्योत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे।
राज्य अलंकरण से सम्मानित होंगी विभूतियां
राज्योत्सव के समापन समारोह में राज्य अलंकरण भी दिए जाएंगे। अलग-अलग क्षेत्रों में अच्छा काम करने वाली प्रदेश की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। समारोह में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और संगीत की झलक भी देखने को मिलेगी।
दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार लोकसंगीत की परफॉर्मेंस देंगे। इसके बाद पद्मश्री उषा बारले पंडवानी की परफॉर्मेंस देंगी। वहीं, रात 9 बजे के बाद पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य की म्यूजिकल परफॉर्मेंस प्रस्तावित है।
इस बार राज्योत्सव ऐसे समय हो रहा है, जब प्रदेश में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान जारी है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने देश से नक्सलवाद खत्म करने के लिए 31 मार्च 2026 की समयसीमा तय की थी।
ऐसे में राज्योत्सव के समापन समारोह में उनकी मौजूदगी को नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान से भी जोड़कर देखा जा रहा है।तीन दिवसीय राज्योत्सव में छत्तीसगढ़ की संस्कृति, विकास और बदलते प्रदेश की झलक पेश की गई है।
राज्योत्सव में पहुंचने के लिए प्रशासन ने 6 रास्तों से प्रवेश और 40 हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की है। सुरक्षा और सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।
आयोजन स्थल पर लोगों की सुविधा के लिए 300 शौचालय बनाए गए हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अस्पताल और 25 एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है।
