CG : स्टेट टैक्स इंस्पेक्टर 2021-22 के चयन रद्द रहेंगे, हाईकोर्ट ने याचिकाएं खारिज कीं, नए सिरे से होगी परीक्षा

छत्तीसगढ़ में स्टेट टैक्स इंस्पेक्टर के पद पर पदोन्नति के लिए 2021 और 2022 में हुई विभागीय भर्ती परीक्षा रद्द करने के खिलाफ दायर याचिकाओं को हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है। परीक्षा में गंभीर अनियमितताएं मिलने के बाद राज्य सरकार ने इसे निरस्त कर दिया था। हाईकोर्ट के जस्टिस बीडी गुरु ने परीक्षा और इसके आधार पर जारी नियुक्ति आदेशों को रद्द करने के फैसले को सही ठहराया है। साथ ही नए सिरे से भर्ती प्रक्रिया शुरू कर उसे जल्द पूरा करने का आदेश दिया है। दरअसल, वाणिज्यिक कर विभाग में सहायक ग्रेड-3 के पद पर कार्यरत कर्मचारियों के लिए सीमित विभागीय प्रतियोगी परीक्षा आयोजित की गई थी।

इसमें सफल अभ्यर्थियों को स्टेट टैक्स इंस्पेक्टर के पद पर नियुक्ति दी गई थी। बाद में परीक्षा में गड़बड़ी की शिकायतें मिलने पर राज्य सरकार ने पांच सदस्यीय जांच समिति गठित की थी। समिति की रिपोर्ट के आधार पर विभाग ने 11 सितंबर 2026 को परीक्षा और इसके आधार पर जारी नियुक्तियां रद्द कर दी थीं। इससे प्रभावित कर्मचारियों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर इस फैसले को चुनौती दी थी।

याचिकाकर्ताओं का कहना था कि परीक्षा में चयनित कर्मचारियों के हित प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने भर्ती रद्द करने के फैसले को अवैधानिक बताते हुए इसे निरस्त करने की मांग की थी। सुनवाई के दौरान शासन की ओर से जांच रिपोर्ट पेश की गई। इसमें परीक्षा में कई गड़बड़ियां सामने आई थीं। हाईकोर्ट ने कहा कि उत्तरपुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के लिए जरूरी प्रक्रिया और मंजूरी से जुड़े रिकॉर्ड नहीं मिले।

उत्तरपुस्तिकाओं के पन्नों पर क्रमांक नहीं थे और वे एक-दूसरे से बंधे भी नहीं थे। जांच में खरीदी गई आंसरशीट और इस्तेमाल के बाद बची आंसरशीट की संख्या में भी अंतर मिला। कुछ कैंडिडेट्स के जवाब मॉडल उत्तरों से हूबहू मेल खाते थे।

हाईकोर्ट ने कहा कि परीक्षा में 500 से अधिक कैंडिडेट्स शामिल हुए थे। जांच में कई गड़बड़ियां मिलीं। ऐसे में यह पता लगाना संभव नहीं था कि किन कैंडिडेट्स को इनका फायदा मिला। कोर्ट ने माना कि भर्ती परीक्षा में गंभीर गड़बड़ियां हुई थीं। इसलिए राज्य सरकार का परीक्षा और नियुक्तियां रद्द करने का फैसला सही था।