देवास में TI को ट्रक से कुचलकर मारने वाले आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली
मध्य प्रदेश के चर्चित खातेगांव TI की अवैध शराब से भरे ट्रक से कुचलकर हत्या करने वाले 2 आरोपियों का पुलिस ने मंगलवार को एनकाउंटर किया है. पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को आलीराजपुर से पकड़कर अलग-अलग रास्ते से खातेगांव लाया जा रहा था. इसी दौरान आरोपी आयशर ड्राइवर गजेंद्र ने कथित तौर पर पुलिस दल पर हमला कर हिरासत से भागने की कोशिश की. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी है, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
SP आदित्य मिश्रा के अनुसार, ”टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड का मुख्य आरोपी गजेंद्र रावत उर्फ अक्कू घटना के बाद से फरार था. उसे अलीराजपुर से गिरफ्तार कर एसआईटी की टीम देवास ला रही थी. इसी दौरान राजोदा और बरोठा के बीच पुलिस वाहन का टायर पंचर हो गया. पुलिसकर्मी टायर बदल रहे थे, तभी आरोपी ने लघुशंका जाने की बात कही.”
बताया जा रहा है कि सड़क किनारे ले जाने के दौरान आरोपी ने सुरक्षा में तैनात एएसआई की सर्विस रिवॉल्वर छीन ली और भागने लगा. पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी. पुलिस ने उसे पकड़कर देवास जिला अस्पताल पहुंचाया. मंगलवार रात उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह आईसीयू में उपचाररत हैं.
इसी हत्याकांड से जुड़े एक अन्य आरोपी धीरज का भी पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर किया है धीरज को टीआई दिलीप पुरी को कुचलने की घटना में शामिल आइशर वाहन के चालक का सह आरोपी बताया गया है.
टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड में मुख्य आरोपी गजेंद्र रावत और सह आरोपी धीरज के पुलिस अभिरक्षा से भागने के प्रयास के दौरान हुई दोनों घटनाओं ने मामले को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है. पुलिस की ओर से दोनों मामलों में आत्मरक्षा में कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है. अब दोनों आरोपियों के उपचार के बाद पूछताछ, हथियारों की बरामदगी और हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच महत्वपूर्ण होगी.
गौरतलब है कि खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की अवैध शराब तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक को रोकने के दौरान कुचलकर हत्या कर दी गई थी. इस घटना के बाद पुलिस ने शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच तेज कर दी थी.
