जलती चिता से हड्डियां निकालकर तंत्र-मंत्र, अघोरी की पिटाई, मंत्र पढ़कर शराब डाल रहा था
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में श्मशान घाट पर एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। महिला की जलती चिता के पास तंत्र साधना करने और हड्डियां निकालने के आरोप में लोगों ने एक बाबा की जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला कोनी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 1 नवंबर को कोनी निवासी अनिता यादव ने आत्महत्या कर ली थी। उसी शाम परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार किया। आरोप है कि रात में शिवराम बाबा कुछ लोगों के साथ श्मशान घाट पहुंचा और चिता के पास कथित तौर पर तंत्र साधना करने लगा।
परिजनों का दावा है कि चिता से महिला का सिर और हड्डियां गायब मिलीं। मौके पर मिले एक बुजुर्ग ने बताया कि बाबा मंत्र पढ़ते हुए चिता पर शराब की बूंदें डाल रहा था। उसने यह भी कहा कि हड्डियां बाबा ने निकाली थीं, लेकिन कहां रखीं, इसकी जानकारी उसे नहीं है।
इस बात से नाराज मृतका के परिजनों और स्थानीय लोगों ने शिवराम बाबा को पकड़ लिया। वायरल वीडियो में लोग उसे जमीन पर घसीटते, बाल पकड़कर खींचते और लात-घूंसों से पीटते नजर आ रहे हैं।
मारपीट में बाबा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच जारी है। फिलहाल FIR दर्ज होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
