सीएम के कार्यक्रम में थी ड्यूटी, सादी वर्दी में मुर्गी लूटने पहुंच गया ASI दीपक परिहार, एसपी ने तुरंत किया सस्पेंड

शहडोल: अनुशासनहीनता और वसूली का एक मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने सख्त कदम उठाया है। जिले के एक सहायक उप-निरीक्षक (ASI) को मुर्गी व्यापारी की पिकअप रोककर चार मुर्गियां जबरन लेने और विरोध करने पर कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। एसपी संजय कुमार अग्रवाल ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, सीधी थाने में पदस्थ एएसआई दीपक सिंह परिहार की ड्यूटी जैसिंघनगर ब्लॉक के अंतर्गत बंसुकली में मुख्यमंत्री के’जन विश्वास अभियान’ कैंप में सुरक्षा के लिए लगाई गई थी। आरोप है कि वह अपनी तय ड्यूटी पर मुस्तैद रहने के बजाय सादी वर्दी में दूसरी जगह चला गया और वहां ग्रामीण आदिवासियों तथा व्यापारियों के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार व मारपीट करने लगा।

अम्डह गांव के रहने वाले पोल्ट्री ट्रेडर तौकीर रजा ने शाहडोल एसपी संजय कुमार अग्रवाल को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, एएसआई परिहार ने पहरिया के पास उनके कर्मचारियों की मुर्गी से भरी पिकअप को रुकवाया। इसके बाद जबरन चार मुर्गियां उठा लीं। जब कर्मचारियों ने इसका विरोध किया, तो पुलिसकर्मी ने उन्हें पीटने की धमकी दी।

व्यापारी तौकीर रजा का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने फोन पर इस हरकत का विरोध जताया, तो एएसआई ने उनसे भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और जहां चाहे शिकायत करने की खुली चुनौती दी। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने हस्तक्षेप किया और घटना के कुछ हिस्सों को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया।