महादेव सट्टा ऐप को-प्रमोटर रवि उप्पल UAE में पकड़ाया, सौरभ चंद्राकर के बाद अब भारत लाने की तैयारी
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप को-प्रमोटर रवि उप्पल को UAE में गिरफ्तार किया गया है। भारतीय जांच एजेंसियों के अनुरोध पर इंटरपोल की ओर से जारी रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारियों ने यह कार्रवाई की। हालांकि, भारतीय जांच एजेंसियों को अभी तक गिरफ्तारी की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। एजेंसियां UAE के अधिकारियों से गिरफ्तारी की पुष्टि कराने और रवि उप्पल को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर रही हैं।
यह गिरफ्तारी महादेव ऐप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाए जाने के तीन दिन बाद हुई है। CBI ने 1 नवंबर को ओमान की अदालत के आदेश के बाद सौरभ चंद्राकर को भारत लाया था। वहीं, ED उसके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के मामले की जांच कर रहा है।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, रवि उप्पल महादेव सट्टा ऐप के नेटवर्क में अहम भूमिका निभाता था। वह करोड़ों रुपए के हवाला लेनदेन संभालता था। छत्तीसगढ़ में नेताओं और अफसरों से संपर्क बनाए रखने की जिम्मेदारी भी उसी के पास थी।
अधिकारियों के मुताबिक, रवि उप्पल की उम्र 46 साल है। उसे 2023 में भी UAE के अधिकारियों ने हिरासत में लिया था। हालांकि, बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया था।
इसके बाद उसके प्रशांत महासागर के द्वीपीय देश वानुअतु जाने और वहां की नागरिकता हासिल करने की जानकारी सामने आई थी। नवंबर 2025 में ED को जानकारी मिली थी कि रवि उप्पल UAE में नहीं मिल रहा है और उसका पता नहीं चल पा रहा है। इसके बाद जनवरी 2026 में उसने इंटरपोल के कमीशन फॉर द कंट्रोल ऑफ फाइल्स (CCF) में अपील कर अपना रेड कॉर्नर नोटिस हटाने की मांग की थी।
ED ने उसकी अपील का विरोध किया था। एजेंसी ने उसे मनी लॉन्ड्रिंग मामले में वांटेड आरोपी और फरार बताया था। ED के मुताबिक, इस मामले में करीब 80 हजार करोड़ रुपए की कथित अपराध से अर्जित संपत्ति की जांच की जा रही है।
हालांकि, रवि उप्पल की रेड कॉर्नर नोटिस हटवाने की कोशिश सफल नहीं हुई। इसके बाद वह फिर UAE लौट आया था। हालांकि, उसके वापस लौटने की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हैं।
CBI ने सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाने के लिए विशेष टीम भेजी थी। टीम उसे लेकर 1 नवंबर को भारत पहुंची। अब जांच एजेंसियां उससे महादेव ऐप के जरिए रिश्वत और प्रोटेक्शन मनी के लेनदेन के बारे में पूछताछ करेंगी।
जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि सट्टा ऐप का कारोबार बिना कार्रवाई के कैसे चलता रहा और इसके लिए किन लोगों को प्रोटेक्शन मनी दी गई।
रवि उप्पल की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि और उसे भारत लाने की प्रत्यर्पण प्रक्रिया पूरी होने के बाद जांच आगे बढ़ सकती है।
वानुअतु कहां है ?
वानूआतू एक ‘Y’ आकार का द्वीप समूह है, जिसमें 80 द्वीप शामिल हैं। यह सिडनी से 2,172 किमी उत्तर-पूर्व में और होनोलुलु से 5,750 किमी दक्षिण-पश्चिम में स्थित है।
ये मेलानेशिया नामक दक्षिण प्रशांत क्षेत्र में आता है। वानुअतु की जनसंख्या में 94% स्वदेशी मेलानेशियन है।
