दिवाली की बख्शीश को लेकर किन्नरों के दो गुट भिड़े… फिर फतेहपुर के थाने में पुलिस से हो गई हाथापाई

दिवाली पर घरों और दुकानों से बख्शीश लेने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला थाने तक पहुंच गया. पहले दो गुटों के लोग सड़क पर आमने-सामने आ गए. करीब आधे घंटे तक चौराहे पर हंगामा चलता रहा. इस दौरान सड़क पर जाम लग गया और आने-जाने वाले लोग परेशान होते रहे. पुलिस ने सोचा कि दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बातचीत से मामला सुलझा लिया जाएगा. लेकिन यहां भी विवाद शांत नहीं हुआ.

थाने के अंदर फिर कहासुनी शुरू हो गई. बात इतनी बढ़ी कि थाना प्रभारी और किन्नरों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई की नौबत आ गई. वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर हालात संभाले. यह मामला उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के खखरेरू थाना क्षेत्र का है. पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज किया है और आगे की कार्रवाई कर रही है.

घटना खखरेरू थाना क्षेत्र के रक्षपालपुर चौराहे की है. दिवाली के मौके पर बख्शीश लेने और इलाके में अपने वर्चस्व को लेकर रवीना और मीना गुट के बीच विवाद शुरू हुआ. दोनों गुटों के लोग चौराहे पर आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और हंगामा शुरू हो गया.

करीब आधे घंटे तक दोनों पक्षों के बीच विवाद चलता रहा. इस वजह से मुख्य सड़क पर जाम लग गया और यातायात प्रभावित हुआ. मौके पर मौजूद लोगों ने इस हंगामे का वीडियो भी बनाया. यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है. हालांकि, यह वीडियो किसी तीसरे पक्ष की ओर से बनाया गया है.

चौराहे पर हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों गुटों को थाने बुलाया. मकसद था कि दोनों पक्षों को बैठाकर बातचीत कराई जाए और विवाद खत्म कराया जाए. लेकिन थाने पहुंचने के बाद भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते मामला बढ़ गया.

थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह और किन्नरों के बीच तीखी झड़प हुई. इसके बाद धक्का-मुक्की और हाथापाई की नौबत आ गई. थाने में मौजूद दूसरे पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव किया और किसी तरह मामला शांत कराया. इस घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई.

पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है. अब आगे की कार्रवाई की जा रही है. हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि थाने के अंदर हुई झड़प की शुरुआत किस तरफ से हुई और दोनों पक्षों की तरफ से क्या-क्या आरोप लगाए गए हैं. मामले में थाना प्रभारी और दूसरे पक्ष का बयान अभी सामने नहीं आया है. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.