CG : पटाखों से चोट के इलाज के लिए सिम्स अलर्ट, डॉक्टरों की टीम, ओटी, ICU और एम्बुलेंस तैनात
बिलासपुर में दीपावली के दौरान पटाखों और आतिशबाजी से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए संभाग के सबसे बड़े छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में विशेष मेडिकल व्यवस्था की गई है। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया है। आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, आवश्यक दवाइयों, जीवनरक्षक उपकरणों और एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है, ताकि हादसे की स्थिति में मरीजों को तत्काल इलाज मिल सके।
दीपावली में पटाखे जलाते समय हाथ, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में जलने की घटनाएं होती हैं। ऐसे मरीजों के इलाज के लिए त्वचा रोग और सर्जरी विभाग को तैयार रखा गया है। पटाखों के विस्फोट से उंगलियों, हथेलियों और शरीर के अन्य अंगों में गंभीर चोट लगने या झुलसने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
आतिशबाजी के दौरान चिंगारी, बारूद या पटाखों के कण आंखों में जाने से कॉर्निया में चोट, जलन और सूजन हो सकती है। गंभीर स्थिति में दृष्टि भी प्रभावित होने का खतरा रहता है। ऐसे मामलों के लिए नेत्र रोग विभाग में इलाज की व्यवस्था की गई है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि आंखों में चोट लगने पर उन्हें रगड़ने या दबाव डालने से बचें और तत्काल नेत्र विशेषज्ञ से परामर्श लें।
पटाखों से निकलने वाले धुएं के कारण सांस लेने में परेशानी, अस्थमा, एलर्जी और खांसी जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे मरीजों के उपचार के लिए मेडिसिन विभाग तैयार रहेगा। वहीं, तेज आवाज वाले पटाखों से कानों में दर्द, घंटी बजने जैसी आवाज सुनाई देने या सुनने की क्षमता प्रभावित होने पर ईएनटी विभाग में उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
पटाखों के विस्फोट से हाथ-पैर में फ्रैक्चर, हड्डियों और जोड़ों में चोट लगने की स्थिति में अस्थि रोग विभाग उपचार करेगा। गंभीर घायलों के लिए ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, जरूरी दवाइयां, जीवनरक्षक उपकरण और ब्लड की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए स्टाफ सहित एम्बुलेंस भी उपलब्ध रहेगी।
सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने लोगों से दीपावली पर आतिशबाजी और पटाखे जलाते समय अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की दुर्घटना होने पर घरेलू इलाज में समय गंवाने के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचें। दीपावली के दौरान आने वाले मरीजों को समय पर बेहतर मेडिकल सुविधा देने के लिए सिम्स में जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने कहा कि दीपावली के दौरान अस्पताल पहुंचने वाले आकस्मिक मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। किसी भी आपातकालीन स्थिति में सिम्स के आपातकालीन विभाग के दूरभाष नंबर 07752-222301 पर संपर्क किया जा सकता है।
