छत्तीसगढ़ में मौसम ड्राई, सुबह-रातें हुईं सर्द, अगले 3 दिन 3 डिग्री तक लुढ़केगा पारा
छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के बाद मौसम तेजी से बदल रहा है। अब राज्य में बारिश की गतिविधियों पर विराम लग चुका है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आने वाले दिनों में ठंडी हवाएं चलेंगी। हवाओं की दिशा बदलने से राज्य में गुलाबी ठंड का असर दिखने लगा है। रात और सुबह के समय ठंड का अहसास बढ़ गया है। लोग अब गर्म कपड़ों का सहारा लेने लगे हैं। आने वाले तीन दिनों तक राज्य में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिलेगी। तापमान गिरने से ठंड का असर और ज्यादा बढ़ेगा।
मौसम विभाग (IMD) ने तापमान को लेकर नया अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में रात के तापमान में गिरावट आएगी। न्यूनतम तापमान एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर सकता है।
इसके बाद तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव होने की संभावना नहीं है। पारे में गिरावट से मैदानी और पहाड़ी दोनों इलाकों में ठंड बढ़ेगी। ग्रामीण इलाकों में सुबह के समय हल्का कोहरा भी देखने को मिल सकता है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज हुई। कोहकामेटा में सबसे अधिक 4 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। बारिश बंद होते ही उत्तरी छत्तीसगढ़ के शहरों में पारा तेजी से नीचे गिरा है।
अंबिकापुर राज्य का सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। सरगुजा संभाग के अन्य जिलों में भी ठंड का असर काफी बढ़ गया है। पहाड़ी इलाकों में रातें अधिक ठंडी हो रही हैं।
राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह साफ रहने वाला है। आज रायपुर में दिनभर तेज धूप खिली रहेगी। शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हो सकता है।
बीते शुक्रवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। वहीं न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। यह सामान्य तापमान से 2 डिग्री अधिक दर्ज किया गया था। माना क्षेत्र में भी अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस ही रहा।
