धान खरीदी से पहले प्रशासन का बड़ा एक्शन : 9 केंद्र प्रभारी बर्खास्त, 4 कर्मचारियों से होगी वसूली
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में धान खरीदी में गड़बड़ी और अनियमितता बरतने वालों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में उपार्जन केंद्रों में अप्रत्याशित कमी और अनियमितता पाए जाने के बाद 13 कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है। इनमें 9 उपार्जन केंद्र प्रभारियों को सेवा से पृथक कर दिया गया है, जबकि 4 अन्य कर्मचारियों के खिलाफ वसूली की कार्रवाई की जा रही है। इतना ही नहीं, इन सभी 13 कर्मचारियों को इस वर्ष की धान खरीदी प्रक्रिया से भी बाहर कर दिया गया है। कार्रवाई की जद में मनोहरा, केसली, कामता, निपनिया, बिटकुली, खैरा, सिंगारपुर, कर्मदा, छेरकापुर, खरतोरा, करहीबाजार और मोहभट्टा सहित 13 उपार्जन केंद्रों के कर्मचारी आए हैं।
गौरतलब है कि, 15 नवंबर से जिले के 181 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी शुरू होने जा रही है। इससे पहले कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि धान खरीदी में किसी भी तरह की लापरवाही, गड़बड़ी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। सवाल बड़ा है कि, धान खरीदी में पिछली बार की गड़बड़ियों से प्रशासन ने सबक लिया है, अब नई व्यवस्था में किसानों के धान की खरीदी कितनी पारदर्शी और व्यवस्थित होगी, यह देखने वाली बात होगी।
