छत्तीसगढ़ में पहली बार शहजाद भट्टी नेटवर्क का खुलासा, पाकिस्तान के आतंकियों से सेवक को मिलता था टारगेट
छत्तीसगढ़ के अकलतरा से गिरफ्तार सेवक सिंह (26) पाकिस्तान से संचालित प्रतिबंधित आतंकी संगठन शहजाद भट्टी नेटवर्क (एसबीएन) के लिए स्लीपर सेल का काम कर रहा था। वह 4 महीने से नेटवर्क के सरगना शहजाद भट्टी के सीधे संपर्क में था। भट्टी के अलावा राणा हुनैन और आबिद जट्ट भी उसे अलग-अलग टारगेट दे रहे थे।
भास्कर की पड़ताल में सामने आया है कि इस दौरान इनके बीच हथियारों की तस्करी, सीमा पार से ड्रग्स ठिकानों तक पहुंचाने और पंजाब में रेकी करने को लेकर लगातार बातचीत हुई।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, नेटवर्क सेवक के जरिए पंजाब में बड़ी वारदात की तैयारी कर रहा था, लेकिन इससे पहले ही एनआईए के इनपुट पर वह पकड़ा गया। जांच अधिकारियों के अनुसार, छत्तीसगढ़ में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित एसबीएन के किसी संदिग्ध स्लीपर सेल की गिरफ्तारी का यह पहला मामला है।
इसके करीब दो महीने बाद 12 अगस्त को केंद्रीय एजेंसियों ने देश के 14 राज्यों में नेटवर्क के खिलाफ एक साथ कार्रवाई कर 253 संदिग्धों को हिरासत में लिया। पता लगा है कि सेवक छत्तीसगढ़ से भी एक युवा-बेरोजगार को भर्ती कर इनसे वारदात करवाकर दहशत पैदा करना चाहता था। इन्हीं दोनों घटनाओं की कड़ियां जोड़ते हुए भास्कर ने पड़ताल शुरू की।
छत्तीसगढ़ पुलिस और सोशल मीडिया पर नेटवर्क की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटाई गई। इसमें सामने आया कि एसबीएन सीमा पार से आतंकियों को भेजने के बजाय भारत में ही रहने वाले युवाओं को अपने नेटवर्क से जोड़ने की कोशिश कर रहा है। खासकर बेरोजगार, आर्थिक तंगी से जूझ रहे और व्यवस्था से नाराज युवाओं को पैसे व विदेश भेजने का लालच देकर अपने प्रभाव में लिया जाता है। इसके बाद उनसे रेकी, तस्करी और दूसरी आपराधिक गतिविधियां कराई जाती हैं।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, नेटवर्क युवाओं से संपर्क करने के लिए इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और वॉट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करता है। वॉट्सएप पर ग्रुप कॉलिंग भी होती है। इसकी खास बात यह है कि अलग-अलग स्लीपर सेल के सदस्यों को एक-दूसरे की जानकारी नहीं होती।
एनआईए के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में नेटवर्क से जुड़े संदिग्ध सक्रिय हैं। इनमें से कुछ छिपने के लिए छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों को चुनते हैं, ताकि सामान्य नौकरी या दूसरे काम करते हुए उन पर संदेह न हो। अधिकारी के अनुसार, लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरह इस नेटवर्क का भी मकसद आपराधिक वारदातों के जरिए देश में दहशत फैलाना है।
सेवक सिंह मूल रूप से पंजाब के तरनतारन जिले के पट्टी का रहने वाला है। परिवार में माता-पिता और भाई हैं। वह छत्तीसगढ़ की दो फैक्ट्रियों में काम कर चुका है। जांच में सामने आया कि एसबीएन ने उसे पंजाब में एक व्यक्ति की रेकी करने के बदले कथित तौर पर 20 हजार रुपए दिए थे। वह पंजाब जाकर संबंधित व्यक्ति की गतिविधियों की जानकारी जुटाता, उसे पाकिस्तान में बैठे अपने संपर्कों तक पहुंचाता और फिर छत्तीसगढ़ लौट आता था। जांच एजेंसियों ने कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबरों को ट्रेस किया तो उनमें सेवक के इस्तेमाल वाले दो नंबर भी मिले। दोनों उसकी पत्नी के नाम पर दर्ज हैं। इन नंबरों पर पाकिस्तान के अलावा नीदरलैंड और मलेशिया से भी कॉल आ रहे थे।
केंद्रीय गृह मंत्रालय के मुताबिक, 12 अगस्त को एसबीएन के खिलाफ 14 राज्यों में कार्रवाई की गई। 253 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। 200 से अधिक गिरफ्तारियां, 80 FIR हुईं।
उत्तर प्रदेश से 62, हरियाणा से 52, दिल्ली से 51 और पंजाब से 44 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, कर्नाटक, गुजरात, बिहार, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और केरल में भी नेटवर्क से जुड़े संदिग्धों के खिलाफ कार्रवाई हुई।
16 सितंबर 2026 को केंद्र ने एसबीएन को आईएसआई समर्थित आतंकी नेटवर्क बताते हुए गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी यूएपीए के तहत आतंकी संगठन घोषित कर प्रतिबंध लगा दिया।
