जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी, चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर ट्रैफिक जाम
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से देश के कई राज्यों में मौसम बदल गया है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कई जगह बर्फबारी हुई है। वहीं, कुछ इलाकों में भारी बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आई है। बर्फबारी के बाद बड़ी संख्या में टूरिस्ट मनाली पहुंच रहे हैं। इसके चलते चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर ट्रैफिक जाम लग गया। उत्तराखंड के 7 जिलों में आज बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। उधर, सिक्किम में भारी बर्फबारी के कारण नाथुला, बाबा मंदिर और छांगू झील के पास 900 से ज्यादा टूरिस्ट और स्थानीय लोग फंस गए थे। सेना ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से उत्तर प्रदेश और राजस्थान में आज और कल बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश में शनिवार सुबह लखनऊ समेत 25 शहरों में कोहरा छाया रहा।
मौसम में बदलाव के बीच दिल्ली-NCR में प्रदूषण से राहत नहीं मिली है। यहां हवा की गुणवत्ता लगातार गंभीर कैटेगरी में बनी हुई है। शनिवार सुबह दिल्ली के ITO इलाके में AQI 414 दर्ज किया गया। वहीं, गुरुग्राम में यह 324 रहा।
इसरो के INSAT-3DS सैटेलाइट ने अंडमान सागर के ऊपर बादलों की तेज गतिविधियों को कैप्चर किया है। यहां कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जिससे नए चक्रवात बनने की आशंका है। चक्रवात बना तो इसका नाम ‘अकवान’ रखा जाएगा। यह नाम ईरान ने सुझाया है।
