बाबा बागेश्वर के बयान पर छतरपुर में तनाव: समर्थकों ने हाईवे किया जाम तो यादव महासभा का विरोध जारी; गिरफ्तार

भगवान श्रीकृष्ण को लेकर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित बयान पर विवाद बढ़ता जा रहा है। यादव महासभा के विरोध प्रदर्शन के ऐलान के बाद शुक्रवार को छतरपुर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। महासभा के प्रदर्शन के विरोध में बागेश्वर धाम के समर्थक भी सड़कों पर उतर आए और बृजपुरा के पास फोरलेन हाईवे पर जाम लगा दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और सैकड़ों गाड़ियां फंस गईं। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने की आशंका के बीच पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। ये भी बताया जा रहा है कि यादव महासभा के लोगों को पुलिस बल ने रोक लिया है। यादव महासभा के लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यादव महासभा के लोगों के वाहन तक पहुंचने पर भारी विवाद हो सकता है.

प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो यादव महासभा के लोग पुलिस की तीन बैरिकेडिंग तोड़कर फोरलाइन ब्रिज पर पहुंच चुके हैं। विवाद की आशंका गहरा रही है। पुलिस भीड़ को संभालने की कोशिशें कर रही है, पर हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। बाबा और बागेश्वरधाम के समर्थक हजारों में है तो वहीं यादव महासभा के लोग महज 100 से 200 के अंदर हैं। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा ने पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित बयान पर आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया है कि इससे भगवान श्रीकृष्ण और यादव समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश यादव के निर्देश पर 13 नवंबर को विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया गया था। महासभा के कार्यकर्ताओं ने छतरपुर से बागेश्वर धाम तक रैली निकालने और धाम में तालाबंदी करने की चेतावनी भी दी थी। इस संबंध में महासभा पदाधिकारी पुष्पेंद्र यादव का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वे विरोध रैली और तालाबंदी की बात कहते नजर आए। शुक्रवार को महासभा का विरोध प्रदर्शन शुरू होने के साथ ही इलाके में हलचल बढ़ गई। यादव महासभा के प्रदर्शन के विरोध में बागेश्वर धाम के समर्थक भी एकजुट हो गए। समर्थकों ने बृजपुरा के पास फोरलेन हाईवे पर जाम लगा दिया। अचानक यातायात रुकने से हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और कई वाहन जाम में फंस गए। समर्थकों का विरोध यादव महासभा के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर है।

दोनों पक्षों के आमने-सामने आने की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने बागेश्वर धाम और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। छतरपुर रेलवे स्टेशन पर भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जोन से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। बागेश्वर धाम जाने वाले रास्तों और जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पुलिस की निगरानी रखी जा रही है। एसपी रजत सकलेचा सहित वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। पुलिस सोशल मीडिया पर दोनों पक्षों की गतिविधियों और टिप्पणियों पर भी नजर बनाए हुए है।