बिलासपुर : उगते सूर्य को अर्घ्य देकर 36 घंटे का व्रत पूरा, अरपा घाट पर पूजा की टोकरी लेकर पहुंचीं व्रती

देश के सबसे बड़े स्थाई छठघाट बिलासपुर के अरपा तट स्थित छठघाट पर सोमवार सुबह हजारों व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। सिर पर पूजा की टोकरी और दउरे में फल, ठेकुआ, अन्य प्रसाद लेकर पहुंचे व्रतियों ने नदी में खड़े होकर सूर्य देव की पूजा की। कच्चे दूध और गंगाजल से अर्घ्य देकर परिवार, समाज-देश की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा हुआ। व्रतियों ने छठी मैया को प्रणाम कर प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद घर लौटकर परिवार, रिश्तेदारों और पड़ोसियों में ठेकुआ सहित पूजा का प्रसाद बांटा।

अर्घ्य देने के लिए व्रतियों के घाट पहुंचने का सिलसिला तड़के से ही शुरू हो गया था। अरपा नदी के छठघाट पर व्रतियों ने स्नान-ध्यान कर पूजा की वेदी पर दीप जलाए और छठी मैया की पूजा की। सूर्य की पहली किरण दिखाई देते ही जल में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया।

इस दौरान घाट पर छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। परिवार के सदस्य भी पूजा में शामिल हुए और सूर्य देव से सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, डिप्टी सीएम अरुण साव ने भी भगवान सूर्य को जल अर्पित की। जबकि एसएसपी और कलेक्टर भी परिवार के साथ छठ घाट पहुंचे।

छठ महापर्व पर मन्नत पूरी होने के बाद विशेष पूजा की परंपरा भी निभाई गई। मनोकामना पूरी होने पर कई व्रती रात करीब 2 बजे ही परिवार के साथ घाट पहुंच गई थीं।

उन्होंने अपनी वेदी पर पूजा-अर्चना की और मन्नत के अनुसार कोसी भरने सहित दूसरी धार्मिक परंपराएं निभाईं। सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत का पारण किया।

मुख्य छठघाट पर पाटलीपुत्र संस्कृति विकास मंच ने व्रतियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए थे। तखतपुर, मुंगेली, कोटा और पेंड्रा सहित आसपास के इलाकों से आए श्रद्धालुओं के लिए मुफ्त वाहनों की व्यवस्था की गई थी।

गौरेला-पेंड्रा से आए व्रतियों के ठहरने और भोजन का इंतजाम भी किया गया। सोमवार सुबह अर्घ्य देने के लिए समिति ने दूध उपलब्ध कराया। घाट पर कपड़े बदलने के लिए अलग जगह बनाई गई थी। व्रतियों और श्रद्धालुओं को प्रसाद भी बांटा गया।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए करीब 18 एकड़ में 9 पार्किंग बनाई गई थीं। घाट की सफाई, लाइटिंग और दूसरी व्यवस्थाओं पर लाखों रुपए खर्च किए गए।

व्यवस्था संभालने के लिए करीब 150 स्वयंसेवक और 150 पुलिस जवान तैनात रहे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों की टीम, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ और तैराकों की टीम भी मौजूद रही।

अरपा के स्थायी छठघाट के साथ अब शहर के दूसरे इलाकों में भी छठ महापर्व का आयोजन होने लगा है। गोंड़पारा, जबड़ापारा, कंस्ट्रक्शन कॉलोनी, मरीमाई मंदिर, कोनी, तोरवा और देवरीखुर्द में भी अरपा नदी और तालाबों के किनारे श्रद्धालुओं की भीड़ रही। यहां सैकड़ों व्रतियों ने सूर्य देव को अर्घ्य दिया।

कंस्ट्रक्शन कॉलोनी में इस बार घाट को छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और बस्तर कला से सजाया गया था। पिलरों पर पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य और ग्रामीण जीवन से जुड़े चित्र लगाए गए थे। फूलों की लड़ियों और लाल कपड़ों से सजा परिसर आकर्षण का केंद्र रहा।

तोरवा छठघाट पर समिति के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र कुमार दास ने पत्नी वर्षा दास और परिवार के सदस्यों के साथ सूर्य देव को अर्घ्य दिया। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष स्टॉल लगाया गया, जहां मुफ्त चाय और कॉफी बांटी गई।

वहीं, देवरीखुर्द घाट पर डॉ. धनंजय पांडेय ने परिवार के साथ पूजा-अर्चना की। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता अभय नारायण राय सहित कई लोगों ने भी परिवार के साथ सूर्य देव को अर्घ्य दिया।