केरलम में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद मचा हड़कंप: अलप्पुझा में एक हफ्ते तक चिकन-अंडे की बिक्री पर लगा प्रतिबंध
केरलम के अलप्पुझा जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने संक्रमण को रोकने के लिए एहतियातन बड़े पैमाने पर कार्रवाई शुरू कर दी है। जिले के प्रभावित इलाकों में 18,600 से अधिक पक्षियों को मारा गया और 28,040 अंडों के साथ-साथ करीब 100 किलो पोल्ट्री फीड भी नष्ट किया गया। यह अभियान अंबलप्पुझा नॉर्थ, अंबलप्पुझा साउथ और चेन्निथला-थ्रिप्परुंथुरा पंचायतों में प्रभावित फार्मों के एक किलोमीटर के दायरे में चलाया गया, जिसके तहत कुल 7,116 मुर्गियां, 11,057 बतख और 447 बटेर मारे गए। प्रशासन के अनुसार, इस अभियान में सबसे ज्यादा 11,289 पक्षी चेन्निथला-थ्रिप्परुंथुरा क्षेत्र से मारे गए, जिनमें 235 मुर्गियां, 586 बतख और 10,468 बतख के बच्चे शामिल हैं। वहीं, अंबलप्पुझा नॉर्थ के प्रभावित क्षेत्रों से 7,331 पक्षी मारे गए, जिनमें 1,636 वयस्क मुर्गियां, 5,225 चूजे, 447 बटेर और तीन बतखें थीं। इसके अलावा अंबलप्पुझा साउथ से भी 20 पक्षियों को मारा गया।
अधिकारियों ने बताया कि अंबलप्पुझा नॉर्थ के वार्ड 11 स्थित एक फार्म में बटेर और मुर्गियों में, जबकि चेन्निथला-थ्रिप्परुंथुरा के वार्ड 1 के एक फार्म में बतख और मुर्गियों में बीमारी के लक्षण दिखे थे। इसके बाद सैंपल जांच के लिए मध्यप्रदेश के राजधानी भोपाल स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट आॅफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीजेज भेजे गए थे, जहां रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद यह सख्त कदम उठाया गया।
पक्षियों को मारने और नष्ट करने के इस अभियान के लिए दोनों मुख्य प्रभावित क्षेत्रों में तीन-तीन रैपिड रिस्पॉन्स टीमें तैनात की गईं। प्रत्येक टीम में एक पशु चिकित्सक, दो पशुधन निरीक्षक, दो अटेंडेंट और चार अन्य कर्मचारी शामिल रहे। सभी कर्मियों ने पीपीई किट पहनकर और कड़े सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए इस प्रक्रिया को अंजाम दिया, ताकि वायरस इंसानों या अन्य जगहों तक न फैल सके।
वायरस के प्रसार को पूरी तरह रोकने के लिए मारे गए पक्षियों के अवशेषों को सुरक्षित तरीके से जला दिया गया है। प्रशासन ने प्रभावित फार्मों के आसपास 10 किलोमीटर के दायरे को निगरानी क्षेत्र घोषित किया है। जिले में एक हफ्ते के लिए चिकन, अंडे और अन्य पोल्ट्री उत्पादों की बिक्री व परिवहन पर पूरी तरह बैन लगा दिया गया है। इसके अतिरिक्त, संक्रमित स्थानों के एक किलोमीटर के दायरे में अभियान पूरा होने के बाद अगले तीन महीनों तक घरेलू पक्षी पालने पर भी पाबंदी लागू रहेगी।
