CG : आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का अनोखे अंदाज में प्रदर्शन, काली साड़ी-काला चश्मा पहनकर अलग-अलग जिलों में सड़कों पर उतरीं

छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं हड़ताल पर हैं. हड़ताल के तीसरे दिन प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं ने काली साड़ी और काली चश्मा पहनकर विरोध जताया. अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अलग-अलग और अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन कर रही हैं.
दंतेवाड़ा में काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता सड़क पर उतरीं और काला दिवस मनाते हुए रैली निकाली. इस दौरान उन्होंने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की. रैली के बाद मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की गई.

आंदोलनरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रही हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान अब तक नहीं हो पाया है. चुनाव के दौरान राजनीतिक दल कर्मचारियों से बड़े-बड़े वादे करते हैं और उनके हितों की बात करते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन वादों को पूरा करने के लिए अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जाती. इसी उपेक्षा के चलते आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं में लगातार नाराजगी बढ़ रही है.

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि, नियमितीकरण और सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करना शामिल है. संगठन की मांग है कि रिटायरमेंट के बाद प्रत्येक बहन को 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाए. इसके साथ ही ग्रेड के आधार पर पदोन्नति की व्यवस्था लागू की जाए, ताकि वर्षों से विभाग में सेवाएं दे रही महिलाओं को उनके अनुभव और कार्य के अनुरूप सम्मान एवं अवसर मिल सके.

कार्यकर्ताओं का कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से सरकार की कई महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी है. बच्चों के पोषण, गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं की देखभाल, स्वास्थ्य जागरूकता, टीकाकरण और प्रारंभिक बाल शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में उनकी भूमिका बेहद अहम है. हड़ताल के चलते ये काम प्रभावित हो रहे हैं.

कोंडागांव में भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संघ ने काले कपड़े पहनकर डीएनके मैदान से एसडीएम कार्यालय तक रैली निकाली. रैली के बाद एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मांगों के जल्द निराकरण की मांग की गई. कार्यकर्ताओं ने सेवा समाप्ति के बाद 10 लाख रुपए की एकमुश्त राशि देने, पोषण ट्रैकर और अन्य एप के काम के लिए उच्च गुणवत्ता वाला 5जी मोबाइल उपलब्ध कराने तथा नेट खर्च की राशि बढ़ाकर 500 रुपए प्रतिमाह करने की मांग भी की है. इसके अलावा मुनगा एप में कार्य नहीं लेने, महतारी वंदन योजना के कार्य के लिए प्रोत्साहन राशि देने और सितंबर-अक्टूबर 2026 के दो माह का 4500 रुपए मानदेय दिलाने की मांग की गई है.

बस्तर में भी सरकार के खिलाफ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं ने मोर्चा खोल दिया है. जगदलपुर शहर के मुख्य मार्गों में काला कपड़ा और काला चश्मा पहनकर रैली निकालकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया. वहीं आगामी 11-12 दिसम्बर को राजधानी रायपुर में उग्र आंदोलन करने व आगे अनिश्चितकालीन हड़ताल करने की चेतावनी दी है.

गर्भवती महिलाओं से लेकर नवजात के पोषण तक के कई अहम कार्य हम लोग करते हैं. केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार है. इसके बावजूद हमारी मांग पूरी नहीं हो रही है. महंगाई के दौरे में मजदूरों को भी प्रतिदिन 400-500 रोजी दिया जाता है. लेकिन हमें 10 हजार रुपए महीना दिया जा रहा है. इतनी राशि तो राजनेता अपने घर के पालतू कुत्ते पर हर महीने खर्च करते होंगे.- प्रेमवती नाग, संभागीय अध्यक्ष

धमतरी के गांधी मैदान में चल रहे आंदोलन के तीसरे दिन आंगनाबाड़ी सहायिकाओं ने रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय का घेराव किया. तीन दिवसीय आंदोलन के पहले दिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पीली साड़ी पहनकर धरने पर बैठीं, दूसरे दिन हरी साड़ी पहनकर थाली और ताली बजाते हुए विरोध जताया, जबकि तीसरे दिन काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर की. तीसरे दिन रैली सदर बाजार, मठ मंदिर चौक, गोल बाजार, घड़ी चौक, छत्रपति शिवाजी चौक और रिसाईपारा शिव चौक होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंची. यहां प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय का घेराव कर मुख्यमंत्री के नाम तीन सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा.

धमतरी शहर के गांधी मैदान में महिला सुविधाओं के दावों की भी पोल खुलती दिखी. यहां धरना देने पहुंचने वाली महिलाओं को पीने के पानी और शौचालय जैसी जरूरतों के लिए परेशान होना पड़ता है. इन दिनों गांधी मैदान में राजस्व पटवारी संघ अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठा है, वहीं हाल ही में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने भी अपनी मांगों को लेकर तीन दिवसीय धरना प्रदर्शन किया. गांधी मैदान में एक शौचालय जरूर मौजूद है, लेकिन उसकी हालत इतनी खराब है कि महिलाएं वहां जाने से भी कतराती हैं. गंदगी, दुर्गंध, पानी का अभाव, बाल्टी-मग की व्यवस्था नहीं और दरवाजों का टूटना, यह सब महिलाओं की परेशानी को और बढ़ा रहा है. स्थिति यह है कि धरना देने पहुंची महिलाओं को अपने साथ बाल्टी, मग और झाड़ू तक लेकर आना पड़ा. कुछ महिलाओं ने खुद शौचालय की सफाई कर उपयोग करने लायक बनाने की कोशिश की.

इस मामले में नगर निगम के महापौर रामू रोहरा ने कहा कि गांधी मैदान सहित शहर में कई धरना प्रदर्शन स्थल हैं. उन्होंने कहा कि पेयजल और शौचालय की व्यवस्था की जाएगी. महापौर ने महिलाओं से धरना समाप्त कर बातचीत के माध्यम से अपनी समस्याओं का समाधान करने का आग्रह भी किया.

बलौदाबाजार के दशहरा मैदान में भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का आंदोलन 3 दिन तक चला. तीसरे दिन दशहरा मैदान से निकली रैली कलेक्टर कार्यालय तक पहुंची, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के नाम ज्ञापन सौंपने की तैयारी की गई. कार्यकर्ताओं का कहना था कि काला वस्त्र और काला चश्मा पहनकर वे काला दिवस मना रहे हैं. जिला सचिव जीवन यादव ने कहा कि न्याय की मूर्ति भी काला वस्त्र धारण करती है. इसी प्रतीक के माध्यम से वे सरकार को बताना चाहती हैं कि उनके साथ न्याय नहीं हो रहा है.

सूरजपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं ने रैली निकाली और संयुक्त कार्यालय पहुंचे. जहां उन्होंने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा. आंदोलन के चलते जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है और 3 से 6 साल के बच्चों को मिलने वाला गर्म भोजन, शिशुवती माताओं का टीएचआर वितरण, कुपोषित बच्चों की देखभाल और गर्भवती महिलाओं की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हैं.

जांजगीर-चांपा जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया. जिले 3 हजार आंगनबाड़ी में पदस्थ कार्यकर्ता और सहायिकाओं ने 10 सूत्रीय मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है.