खाटूश्यामजी: भोजनालय में लगी भीषण आग, मंदिर के निकास मार्ग पर मची अफरा-तफरी

राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटूश्यामजी मंदिर के पास शुक्रवार को एक भोजनालय में भीषण आग लग गई. आग मंदिर के निकास मार्ग पर कला भवन धर्मशाला के सामने स्थित नंद भोजनालय में लगी. घटना के बाद वहां मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि, इस हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है.

आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं. आग बुझाने के लिए दमकल की पांच गाड़ियों को लगाया गया. काफी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया. राहत की बात रही कि समय रहते आग बुझा दी गई और बड़ा हादसा टल गया.

खाटूश्यामजी में शुक्रवार को वार्षिक पाटोत्सव के चलते लाखों श्रद्धालु पहुंचे हुए हैं. ऐसे में मंदिर के निकास मार्ग के पास आग लगने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई. भीड़ को नियंत्रित करने और किसी तरह की भगदड़ या अव्यवस्था रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए.

प्रशासन ने मंदिर का निकास मार्ग बंद कर दिया और श्रद्धालुओं को गुवाड़ चौक की तरफ से निकालने की व्यवस्था की. पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद रहीं, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित किया जा सके और भीड़ जमा न हो.