UP : सीएम के हाथों 50 हजार छात्र-छात्राओं को मिलेगा टैबलेट! अगले साल 26 जनवरी के पहले 25 लाख टैबलेट बांटने का लक्ष्य

लखनऊ: विधानसभा चुनावों के ठीक पहले प्रदेश सरकार स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत सूबे के 25 लाख युवाओं को टैबलट वितरित करेगी. लखनऊ के इस कार्यक्रम में सीएम योगी के हाथों से लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव जिले के 50,000 से अधिक छात्र-छात्राओं को टैबलेट दिए जाएंगे. इसके बाद प्रदेश के अन्य जिलों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर टैबलट वितरित किए जाएंगे.

अगले साल 26 जनवरी के पहले टैबलेट वितरित करने का लक्ष्य है. सरकार का मत है कि विधानसभा चुनावों के पहले छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित कर उनका वोट हासिल किया जा सकता है. इसी सोच के तहत वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले 25 दिसंबर 2021 को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर लखनऊ के इकाना स्टेडियम में करीब 60 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किए गए थे. जिसका लाभ चुनावों में योगी सरकार को हुआ था. अब इसे फिर से दोहराया जा रहा है, ताकि इस बार भी लाभ हो.

सरकार के टेबलेट वितरण कार्यक्रम को लेकर यूपीडेस्को के अधिकारियों का कहना है कि बीते अगस्त में कैबिनेट ने 25 लाख नए टैबलेट खरीदने की मंजूरी दी थी. जिसके बाद 25 लाख टेबलेट खरीद लिए गए हैं. अब इन्हे योजना के तहत स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा, तकनीकी शिक्षा, नर्सिंग और पैरामेडिकल सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के पात्र विद्यार्थियों को वितरित किया जाएगा. जिन छात्र-छात्राओं को उन्हें वितरित किए जाएगा उनके नामों का सत्यापन शिक्षण संस्थानों के माध्यम से डिजिशक्ति पोर्टल पर किया गया है.

रविवार को स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ मंडल के 50 हजार छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित करेंगे. इससे पहले 25 दिसंबर 2021 को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर लखनऊ के इकाना स्टेडियम में करीब 60 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट और स्मार्टफोन बांटे गए थे. तब ही डिजिशक्ति पोर्टल भी लांच हुआ था.

सूबे की सत्ता में दोबारा काबिज होने के बाद सरकार ने तय किया था कि स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के रूप में अगले पांच वर्षों के लिए लागू किया गया और इसके तहत दो करोड़ युवाओं तक डिजिटल उपकरण पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है. परंतु यह लक्ष्य अभी तक पूरा हासिल नहीं किया जा सका है.

करीब 62 लाख छात्र-छात्राओं को ही अब तह टैबलेट और स्मार्टफोन दिए जा सके हैं. अब अगले साल 26 जनवरी तक सूबे में 25 लाख टैबलेट वितरित किए जाने का दावा किया जा रहा है. इसमें 50, 000 टैबलेट रविवार को बांटे जाएंगे. सरकार के इस कार्यक्रम को लेकर यह कहा जा रहा है कि टैबलेट बांट कर योगी सरकार सूबे में विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर युवाओं के बीच अपनी पहुंच बनाने जा रही है.

यूपी में मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप-टैबलेट बांटने की शुरुआत समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार में मुख्यमंत्री रहते हुए अखिलेश यादव ने की थी. वर्ष 2012 में सूबे की सत्ता में काबिज होने के तत्काल बाद अखिलेश यादव ने अपनी पहली कैबिनेट में यह फैसला किया था कि प्रदेश सरकार मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देगी. बाद में टैबलेट देने का भी फैसला किया गया. जिसके चलते सूबे के लाखों छात्र-छात्रों को पहली बार लैपटॉप और टैबलेट मिले थे.
बाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस योजना को अपना और 25 दिसंबर 2021 को लखनऊ के अखिलेश यादव के बनवाए इकाना स्टेडियम में करीब 60 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट और स्मार्टफोन बांटे गए थे. यूपीडेस्को के अधिकारियों के अनुसार यूपी में छात्र-छात्राओं को जो नए टैबलेट बांटे जाएंगे, इसमें 3 जीबी रैम होगी, जिससे टैबलेट के हैंग होने की समस्या नहीं आएगी. डिस्प्ले साइज 8 इंच होगा, साथ ही 1.8 जीएचजेड (GHz) क्वाड-कोर प्रोसेसर, 32 जीबी इंटरनल स्टोरेज, 5 मेगापिक्सल रियर कैमरा और 2 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा होगा.