फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 9 करोड़ की ठगी, इंदौर में गिरोह का एक आरोपी गिरफ्तार
इंदौर में फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर लोगों से करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। गिरोह निवेश के नाम पर लोगों से अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा करवाता था। इसके बाद म्यूल बैंक खातों के जरिए पैसों का लेनदेन किया जाता था।
गुरुवार को मामले में तुकोगंज पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में अब तक 9 करोड़ रुपए से ज्यादा के लेनदेन का पता चला है। पुलिस ने खाते में मौजूद 4 करोड़ 53 लाख रुपए फ्रीज करवाए हैं।
तुकोगंज टीआई जितेंद्र चौहान के मुताबिक, राज्य साइबर सेल मुख्यालय और एनसीआरपी पोर्टल से पुलिस को म्यूल खातों से जुड़ा डेटा मिला था। जांच में आमिर से जुड़े यूनियन बैंक खाते में करोड़ों रुपए के लेनदेन की जानकारी सामने आई। यह खाता फीनिक्स इन्फिनेटिक्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर संचालित था। इसमें अलग-अलग शहरों से करीब 9 करोड़ रुपए जमा हुए थे।
आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र में भी तीन शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए खाते में मौजूद 4 करोड़ 53 लाख रुपए फ्रीज करवाए हैं।
गिरफ्तार आरोपी आमिर पुत्र मुन्ना खां सागर के गोपालगंज स्थित स्नेह नगर का निवासी है। फिलहाल वह इंदौर के महालक्ष्मी नगर क्षेत्र में रह रहा था। पूछताछ में आमिर ने मयूर शेख निवासी सिकंदराबाद कॉलोनी, खजराना का नाम भी बताया है।
पुलिस के अनुसार, आमिर के नाम पर कंपनी संचालित की जा रही थी, जबकि गिरोह का मुख्य आरोपी दिल्ली में रहता है। इस गिरोह में सागर के कई युवकों के शामिल होने की जानकारी भी सामने आई है। गिरोह नवलखा क्षेत्र से अपना कार्यालय संचालित कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल, पांच एटीएम कार्ड, चेकबुक, लैपटॉप और अन्य सामान जब्त किया है। निवेशकों की ओर से पहले भी शिकायतें की गई थीं। आरोप है कि कुछ लोगों ने लेनदेन के जरिए इन शिकायतों और जांच को दबाने की कोशिश की।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक खातों और ठगी की रकम के नेटवर्क की जांच कर रही है।
