नेपाल में गूंजे ‘जय श्रीराम-जय सीता मैया’ के नारे, अयोध्या से ट्रेन पहुंची तो गदगद हुए लोग
सोमवार को अयोध्या से नेपाल के जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई गई. मंगलवार को यह ट्रेन जैसे ही नेपाल पहुंची, वहां ‘जय श्री राम’ और ‘माता सीता की जय’ का उद्घोष हुआ. फूलों से सजी हुई ट्रेन जैसे ही जनकपुर पहुंची वहां लोगों ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए. लोगों में बहुत खुशी देखने को मिली. लोगों ने कहा कि जैसे ही ट्रेन आधिकारिक रूप से शुरू होगी वे इसमें यात्रा करके राम लला के दर्शन करने अयोध्या जाएंगे. एक नेपाली नागरिक ने इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी और नेपाली प्रधानमंत्री बालेन शाह का आभार व्यक्त किया है. उन्होंने कहा, ‘जनकपुर धन्य हो गया.’
यह ट्रेन अयोध्या को जनकपुर से जोड़ेगी. ट्रेन को फूलों से सजाया गया है. यह एक्सप्रेस ट्रेन 28 नवंबर से नियमित सेवा के लिए उपलब्ध होगी. यह अयोध्या कैंट और जनकपुर धाम के बीच 604 किलोमीटर की दूरी तय करने में लगभग 19 घंटे का समय लेगी. यह एक साप्ताहिक सेवा होगी.
#WATCH | Janakpur, Nepal: Chants of ‘Jai Shree Ram’ and ‘Maata Sita ki Jai’ echo at Janakpur Dham Railway Station as the inaugural Saryu-Kamla Express between Ayodhya Dham and Janakpur Dham arrives at Janakpur Dham Railway Station. https://t.co/aaSc8VuSlY
— ANI (@ANI) November 24, 2026
यह साप्ताहिक ट्रेन जनकपुर धाम को अयोध्या कैंट से जोड़ेगी और बिहार और उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण शहरों से होकर गुजरेगी. यह ट्रेन हफ्ते में एक बार चलेगी और इसकी शुरुआत शनिवार को जनकपुर धाम से और सोमवार को अयोध्या कैंट से होगी. इस नई सर्विस से तीर्थयात्रियों, टूरिस्ट और दूसरे यात्रियों के लिए बॉर्डर पार यात्रा ज़्यादा आसान होने की उम्मीद है.
इस ट्रेन से सफर करने वाले लोगों को वीजा की जरूरत नहीं होगी. सिर्फ वैलिड वोटर आईडी कार्ड या पासपोर्ट से काम चल जाएगा. इन दोनों में से कोई एक डॉक्यूमेंट साथ रखना जरूरी होगा. सीमा पार करते समय जयनगर में यात्रियों के पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेजों की जांच होगी. सभी यात्रियों के मूल पहचान पत्र साथ रखना बेहतर होगा. भारतीय नागरिकों को नेपाल जाने के लिए वीजा की जरूरत नहीं है.
