पुणे कोर्ट के बाहर हत्या के आरोपी के हाथ काटे, 6 लोगों ने धारदार हथियारों से हमला किया
पुणे के शिवाजीनगर कोर्ट के बाहर बुधवार दोपहर करीब 1:15 बजे हत्या के आरोपी पर धारदार हथियारों से हमला हुआ। हमले में उसके दोनों हाथों की कलाइयों से नीचे का हिस्सा कट गया। हमलावरों ने गोली भी चलाई। पीड़ित की पहचान मंदार मारुति किवले के रूप में हुई है। घटना का वीडियो सामने आया है। इसमें दो लोग मंदार पर बार-बार कुल्हाड़ी से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वारदात के बाद 6 हमलावर दो स्कूटर से फरार हो गए।
खून से लथपथ मंदार उठकर लड़खड़ाते हुए सड़क पार करने लगा। इसके बाद वह फुटपाथ पर गिर पड़ा। उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस को मौके से दो पिस्टल और एक मैगजीन मिली हैं।
मंदार किवले अप्रैल 2025 में पुणे के संतोशनगर-कात्रज इलाके में शुभम सुभाष चव्हाण की हत्या के मामले में आरोपी था। पुलिस के मुताबिक, यह हत्या जमीन और पैसों के विवाद में हुई थी।
पुणे में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल!
शिवाजीनगर कोर्ट के ठीक बाहर एक व्यक्ति की कुल्हाड़ी जैसे धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले गोली चलाई, लेकिन निशाना चूकने के बाद पिकऐक्स से हमला कर व्यक्ति को मौत के घाट उतार दिया।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात कोर्ट के बाहर हुई, जहां पुलिसकर्मियों और वकीलों की मौजूदगी रहती है।
आखिर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए? जब अदालत के बाहर ही लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा कौन सुनिश्चित करेगा?
#Pune #PuneCourtFiring #Maharashtra
— Indian Observer (@ag_Journalist) November 25, 2026
इस मामले में मंदार को जेल भेजा गया था। वह चार दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। पुलिस को आशंका है कि मंदार पर हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया।
पुणे सिटी पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद कोर्ट परिसर में तैनात पुलिसकर्मी घायल को ससून अस्पताल ले गए। उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने बताया है कि मंदार के शरीर पर धारदार हथियार से चोटें हैं, लेकिन गोली लगने के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने मौके से दो हथियार भी बरामद किए हैं। पुणे DCP (क्राइम) गौहर हसन ने बताया कि संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें जुटी हैं।
