अमेरिका में तूफान से 6000 फ्लाइट्स लेट, 150 उड़ानें रद्द, ऊंची लहरों से बाढ़ का खतरा बढ़ा

अमेरिका में थैंक्सगिविंग की छुट्टियों के बीच खराब मौसम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। पूर्वी और पश्चिमी तटों पर आए तूफान के कारण बुधवार को 6000 से ज्यादा फ्लाइट्स लेट हुईं, जबकि करीब 150 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। सबसे ज्यादा असर पूर्वी तट पर देखने को मिल रहा है। यहां ‘नॉरईस्टर’ नाम का तूफान आगे बढ़ रहा है। इसके चलते न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी, फिलाडेल्फिया और आसपास के इलाकों में तेज हवाएं और भारी बारिश होने की आशंका है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने से तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा भी बढ़ गया है। कैलिफोर्निया समेत कई राज्यों में इससे निपटने की तैयारी की जा रही है।

इसी बीच मियामी एयरपोर्ट पर भारी बारिश के कारण एक मालवाहक विमान उतरते समय रनवे से आगे निकल गया। इसके बाद कुछ समय के लिए एयरपोर्ट के ज्यादातर रनवे बंद करने पड़े, जिससे विमानों की आवाजाही प्रभावित हुई।

अमेरिका के पश्चिमी तट पर तेज लहरों के कारण समुद्र किनारे बने ढांचों को नुकसान पहुंचा है।
सैन डिएगो के आसपास समुद्र का पानी पुराने रिकॉर्ड से भी ऊपर पहुंच गया। इससे आसपास के तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
अमेरिका के पूर्वी तट पर 2012 में आए सुपरस्टॉर्म सैंडी के बाद अब समुद्र का जलस्तर सबसे ज्यादा हो सकता है। डेलावेयर और न्यू जर्सी के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के कारण बिजली गुल होने का भी खतरा है।
देश के मध्य हिस्सों में बुधवार से शुक्रवार तक बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है। वहीं, पैसिफिक नॉर्थवेस्ट इलाके में बुधवार रात से बारिश और तेज हवाओं का एक और दौर शुरू होने की आशंका है।

अमेरिका के पूर्वी और पश्चिमी तटों पर खराब मौसम के कारण लाखों लोगों की यात्रा प्रभावित हो रही है। थैंक्सगिविंग अमेरिका का बड़ा त्योहार है। इस दौरान लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने के लिए दूसरे शहरों में जाते हैं। ऐसे में हवाई सफर में देरी से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने चेतावनी दी है कि थैंक्सगिविंग के दिन भी उत्तर-पूर्वी अमेरिका में खराब मौसम के कारण उड़ानों पर असर पड़ सकता है। एक ट्रैवल वेबसाइट के मुताबिक, इस दौरान अटलांटा एयरपोर्ट सबसे ज्यादा व्यस्त रहेगा।

खराब मौसम का असर सिर्फ हवाई सफर पर ही नहीं, बल्कि त्योहार के कार्यक्रमों पर भी पड़ा है। न्यूयॉर्क में होने वाली मशहूर थैंक्सगिविंग डे परेड को शनिवार तक के लिए टाल दिया गया है। यह परेड का 100वां साल है और इसके इतिहास में पहली बार इसे टालना पड़ा है।

न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने कहा कि खराब मौसम और तेज हवाओं के खतरे को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। उन्होंने परेड की आयोजक कंपनी मैसीज ने कहा कि लोगों की सुरक्षा उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।