20 रुपये का टिकट, बच्चों-सीनियर सिटीजन के लिए एंट्री फ्री, आम जनता के लिए खुलेगा केजरीवाल का पुराना बंगला
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पुराने आवास को आम जनता के लिए खोला जाएगा. मिली जानकारी के मुताबिक, यहां विजिट करने के लिए 20 रुपए तक का टिकट रहने की संभावना है. साथ ही वरिष्ठ नागरिकों और कॉलेज छात्रों के लिए फ्री एंट्री रखी जाएगी. इसे बनाने में सरकार ने 58 करोड़ 83 लाख 66 हजार 314 रुपए खर्च करने का अनुमान लगाया है. इसको आम जनता के लिए खोले जाने की जानकारी दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर दी है.
मंत्री प्रवेश वर्मा ने X पर पोस्ट के साथ दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने का वीडियो भी शेयर किया है. उन्होंने पोस्ट में लिखा कि शुक्रवार से केजरीवाले के पुराने बंगले के दरवाजे खुल रहे हैं. साथ ही उन्होंने बताया कि सबसे पहले मीडिया को इसे दिखाया जाएगा.
वहीं जब केजरीवाल के पुराने आवास को सुबह मीडिया के लिए खोला गया. इस दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि कि “हमारा एकमात्र उद्देश्य यह है कि चूंकि यहां जनता का पैसा यानी करदाताओं का पैसा लगा है, इसलिए हमें जनता को पाई-पाई का हिसाब देना होगा.”
उन्होंने आगे यह भी कहा कि, “हमें यह बताना होगा कि उनका पैसा आखिर कहां खर्च हुआ है और असल में हर सरकार को ऐसा ही करना चाहिए. इसी उद्देश्य से यह सुविधा दिल्ली की जनता के लिए खोली गई है. आज हमने मीडिया को आमंत्रित किया है, बहुत जल्द, दिल्ली की जनता भी यहां आकर खुद इसे देख सकेगी. हमने इस परियोजना के लिए खरीदी गई वस्तुओं का पूरा विवरण सार्वजनिक कर दिया है.”
इस पर दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा का कहना है कि, “आज से दिल्ली और पूरे देश की जनता इस बंगले को देख सकेगी. इसे आज मीडिया के लिए खोल दिया गया है. आपके कैमरों के जरिए, पूरा देश उस भ्रष्टाचार और लूट के खेल को देख पाएगा जो केजरीवाल ने तब खेला था, जब दिल्ली COVID-19 महामारी के दौरान ऑक्सीजन के लिए तड़प रही थी.”
उन्होंने कहा कि, “जिस इंसान ने कभी दावा किया था कि वह एक कमरे के घर में रहेगा, उसने जनता के पैसे का इस्तेमाल करके भारी भ्रष्टाचार किया है. यहां इस्तेमाल की गई चीजें दुनिया भर के अलग-अलग देशों से मंगाई गई हैं. मार्बल वियतनाम से आया है, क्रॉकरी किसी और देश से और मेजें किसी और देश से. पूरा देश अपनी आंखों से यह सच देख सकेगा.”
