आज भारत-मलेशिया के बीच सेमीफाइनल, दीपिका के गोल पर रहेंगी नजरें

भोपाल: महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 अब निर्णायक दौर में पहुंच गई है। शुक्रवार शाम मेजबान और मौजूदा चैंपियन भारतीय महिला हॉकी टीम सेमीफाइनल में मलेशिया के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। मुकाबला शाम 7 बजे नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेला जाएगा। भारत की नजर लगातार दूसरी बार खिताब जीतने और चौथी बार चैंपियन बनने पर है। भारतीय टीम ने लीग स्टेज में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी पांच मुकाबले जीते और अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। टीम ने इन मैचों में कुल 23 गोल किए, जबकि विरोधी टीमों को केवल चार गोल करने दिए। इस तरह भारत का गोल अंतर +19 रहा। मुख्य कोच श्योर्ड मारिजने के मार्गदर्शन में टीम ने आक्रामक खेल के साथ मजबूत डिफेंस का भी प्रदर्शन किया है।

भारतीय टीम की ओर से दीपिका अब तक सबसे ज्यादा गोल करने वाली खिलाड़ी हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में आठ गोल किए हैं। थाईलैंड और चीन के खिलाफ उन्होंने हैट्रिक लगाई थी। उनके अलावा लालरेमसियामी, नवनीत कौर, मुमताज खान, नेहा, साक्षी राणा और सुनेलिता टोप्पो ने भी गोल करने में योगदान दिया है।

मिडफील्ड में नवनीत कौर और कप्तान सलीमा टेटे की भूमिका अहम रहेगी। दोनों की कोशिश गेंद को तेजी से फॉरवर्ड लाइन तक पहुंचाने और गोल के मौके बनाने की होगी। पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलना भी भारत के लिए महत्वपूर्ण रहेगा। वहीं डिफेंस को मलेशिया के हमलों से सतर्क रहना होगा।

मलेशिया ने लीग स्टेज में सात अंक हासिल कर चौथे स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। टीम ने चीन के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेला और दक्षिण कोरिया को 3-1 से हराया। आखिरी लीग मुकाबले में उसने थाईलैंड को 4-0 से शिकस्त दी। खास बात यह रही कि मलेशिया ने आखिरी छह मिनट में चारों गोल किए। टीम की ओर से नुरामिराह जुल्किफ्ली चार गोल के साथ प्रमुख स्कोरर हैं।

भारतीय महिला हॉकी टीम 2016, 2023 और 2024 में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीत चुकी है। तीन खिताब के साथ भारत दक्षिण कोरिया के बराबर है। इस बार चैंपियन बनने पर भारत चार खिताब के साथ टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम बन जाएगा। सेमीफाइनल में जीत के लिए टीम को अपने लीग स्टेज के प्रदर्शन को दोहराना होगा।