कुछ घंटों की बारिश और अमेरिका के टेक्सास में मच गया कोहराम..

अमेरिका के मध्य टेक्सास क्षेत्र में आई अचानक बाढ़ ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। इस भीषण प्राकृतिक आपदा में अब तक 24 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि करीब 25 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन, राष्ट्रीय मौसम सेवा (NWS), और आपदा प्रबंधन टीमें हरकत में आ गई हैं। अब तक 237 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है, जिनमें से 167 लोगों को हेलीकॉप्टर की मदद से बचाया गया। रिपोर्टों के अनुसार, भारी बारिश इस बाढ़ की मुख्य वजह मानी जा रही है। वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, टेक्सास के हिल कंट्री और एडवर्ड्स पठार क्षेत्रों में सिर्फ चार घंटे के भीतर लगभग चार महीने के बराबर बारिश हो गई। अनुमान है कि शुक्रवार को इस क्षेत्र में करीब 1.8 ट्रिलियन गैलन पानी गिरा। केर काउंटी और आसपास के इलाकों में 10 से 15 इंच तक बारिश रिकॉर्ड की गई जबकि राष्ट्रीय मौसम सेवा ने 8 इंच बारिश का अनुमान लगाया था। इस भारी बारिश के चलते ग्वाडालूप नदी अचानक उफान पर आ गई और मात्र 45 मिनट में इसका जलस्तर 26 फीट तक बढ़ गया।

एनडब्ल्यूएस के अनुसार हंट क्षेत्र में ग्वाडालूप नदी का जलस्तर रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया है। यह 1987 की विनाशकारी बाढ़ के बाद अब तक का दूसरा सबसे ऊंचा स्तर है। शुक्रवार सुबह नदी की ऊंचाई 29.45 फीट रिकॉर्ड की गई। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, प्रभावित इलाकों में बचाव और राहत कार्य युद्ध स्तर पर जारी हैं। हेलीकॉप्टरों, बोट्स और डॉग स्क्वॉड की मदद से लोगों की तलाश की जा रही है। बाढ़ प्रभावित कई क्षेत्रों में बिजली और संचार सेवाएं भी बाधित हो गई हैं। NWS ने अभी भी कई काउंटियों के लिए फ्लैश फ्लड चेतावनी जारी की है, क्योंकि अगले 24 घंटों में और बारिश की संभावना जताई गई है। सरकार द्वारा राज्यव्यापी आपदा की घोषणा की जा चुकी है और प्रभावित क्षेत्रों को राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। टे

इस तबाही ने न केवल सैकड़ों परिवारों को प्रभावित किया है, बल्कि एक बार फिर जलवायु परिवर्तन और आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर सवाल भी खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *