महाराष्ट्र में रायगढ़ समुद्र तट पर दिखी संदिग्ध नाव फिर अचानक हुई गायब, अलर्ट जारी

महाराष्ट्र में रायगढ़ समुद्र तट पर अलीबाग के पास रविवार को एक संदिग्ध नाव दिखने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग ने पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया है। नाव को सुरक्षाकर्मियों ने रायगढ़ जिले के रेवदंडा में कोरलाई तट से करीब 2 समुद्री मील दूर देखा था। संभावना जताई जा रही है कि नाव कहीं से बहकर रायगढ़ समुद्र तट तक पहुंची है। हालांकि, जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्ध जहाज की सूचना मिलते ही रायगढ़ पुलिस, बम निरोधक दस्ता, त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT), नौसेना और तटरक्षक बल की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। साथ ही रायगढ़ की पुलिस अधीक्षक भी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ स्थिति पर नजर रखने के लिए तट पर आ गई। पुलिस का कहना है कि नाव में किसी अन्य देश का चिन्ह लगा है। अभी तक पुलिस नाव तक नहीं पहुंची है।

पुलिस का कहना है कि रात में समुद्र में नाव की लाइट दिखी थी, जिसके बाद मछुआरों के साथ मिलकर तलाशी अभियान चलाया गया था। भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण नाव तक नहीं पहुंचा जा सका। पुलिस बल की टीम को आधे रास्ते से वापस लौटना पड़ा। पुलिस ने सुबह 4 बजे तक तलाशी अभियान चलाया था। नाव के न मिलने पर एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। नाव के पाकिस्तानी होने का शक है।

पुलिस ने रविवार को घटना के बारे में जानकार दी। पुलिस के मुताबिक रायगढ़ जिले में रेवदंडा तट के पास एक संदिग्ध नाव देखी गई। इसके बाद तटरेखा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एक अधिकारी ने बताया कि नाव को सुरक्षाकर्मियों ने रेवदंडा में कोरलाई तट से करीब दो समुद्री मील दूर देखा। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि नाव पर किसी दूसरे देश के चिह्न हैं और यह बहकर रायगढ़ तट की ओर आ गई होगी। अलर्ट के बाद रायगढ़ पुलिस, बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS), क्विक रिस्पांस टीम (QRT), नौसेना और तटरक्षक बल की टीमें मौके पर पहुंचीं।