छत्तीसगढ़ से देश का नया धावक सितारा..अनिमेष कुजूर ने 100 मीटर में रचा राष्ट्रीय रिकॉर्ड
छत्तीसगढ़ : जशपुर जिले के छोटे से आदिवासी गांव घुइतांगर से निकलकर यूरोप के ट्रैक पर तहलका मचाने वाले अनिमेष कुजूर भारत के नए स्प्रिंट स्टार बन गए हैं। ग्रीस के वारी शहर में 5 जुलाई 2025 को ड्रोमिया इंटरनेशनल स्प्रिंट मीट हुई। इस मीट में अनिमेष ने 100 मीटर दौड़ महज 10.18 सेकंड में पूरी कर ली। इसके साथ ही अनिमेष ने नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम कर दिया। यह उपलब्धि भारत के लिए ऐतिहासिक है, क्योंकि उन्होंने गुरइंदरबीर सिंह के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। रेस में अनिमेष ने तीसरा स्थान हासिल किया, जहां दक्षिण अफ्रीका के बेंजामिन रिचर्डसन (10.01 सेकंड) और ओमान के अली अल बलूशी (10.12 सेकंड) उनसे आगे रहे। लेकिन इस प्रदर्शन ने अनिमेष को देशभर में सुर्खियों में ला दिया। अनिमेष ने सैनिक स्कूल अंबिकापुर से पढ़ाई की थी। उसका सपना भारतीय सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करना था। साल 2020 में जब उन्होंने 12वीं पास ली तो फौज की तैयारी में जुट गए। लेकिन कोरोना महामारी के दौरान दोस्तों के उकसाने पर एक ओपन टूर्नामेंट में 100 मीटर दौड़ में हिस्सा लिया, और यहीं से उनकी जिंदगी ने नया मोड़ लिया। अनिमेष कहते हैं, “एक रेस से दूसरी, फिर तीसरी… दौड़ते-दौड़ते यह मेरा जुनून बन गया।” ओडिशा के रिलायंस फाउंडेशन एथलेटिक्स हाई परफॉर्मेंस सेंटर में कोच मार्टिन ओवेंस की नजर अनिमेष पर पड़ी। मार्टिन ने उनकी रफ्तार और जुनून को पहचाना और तकनीक को निखारने में जुट गए। मार्टिन कहते हैं, “अनिमेष में गजब की प्रतिभा थी, बस उसे तराशने की जरूरत थी। आज उसका नतीजा सबके सामने है।”
2024 में जेनेवा मीट में अनिमेष ने 200 मीटर दौड़ 20.27 सेकंड में पूरी की, जो किसी भारतीय धावक का अब तक का सबसे तेज समय है। लेकिन हवा की गति तय सीमा से अधिक होने के कारण इसे आधिकारिक रिकॉर्ड में शामिल नहीं किया गया। फिर भी, यह उनके उज्ज्वल भविष्य का संकेत था।
