CG : रायपुर-दुर्ग समेत 26 जिलों में बारिश का अलर्ट, प्रदेश में अब तक 349.9 मिमी बारिश दर्ज

छत्तीसगढ़ : रायपुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में गुरुवार को भी तेज बारिश का दौर जारी रहा। इस बीच मौसम विभाग ने आज (शुक्रवार) को रायपुर, दुर्ग, धमतरी, कोरिया, बालोद, बलौदाबाजार, सरगुजा समेत 26 जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। छत्तीसगढ़ में 1 जून से अब तक 349.9 मि.मी. औसत बारिश दर्ज की जा चुकी है। जानकारी के अनुसार प्रदेश में अब तक रायगढ़ जिले में सबसे ज्यादा 501.9 मि.मी. वर्षा रिकॉर्ड की गई है। बेमेतरा जिले में सबसे कम 167.3 मि.मी. बारिश दर्ज हुई है। मौसम विभाग की माने तो अगले चार से पांच दिन बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है। इससे पहले गुरुवार दोपहर को रायपुर में घने बादलों के कारण दोपहर 3 बजे ही अंधेरा छा गया। बिलासपुर में सड़कों, दुकानों और गलियां में पानी भर गया। एक घंटे की बरसात में लोगों के घरों में भी पानी घुसने लगा। राजनांदगांव में लगातार बारिश के बाद शिवनाथ नदी का जलस्तर बढ़ता जा रहा है। जिससे 4 जलाशयों से कुल 36 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। मोंगरा बैराज से 20 हजार क्यूसेक, घुमरिया नाला बैराज से 10,800 क्यूसेक, सूखा नाला बैराज से 5,200 क्यूसेक और खातू टोला बैराज से 600 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।

कांकेर जिले में 4 गांवों के लिए बारिश मुसीबत बन गई है। ग्रामीणों को आवागमन के लिए नदी पर बने स्टॉप डेम का सहारा लेना पड़ता है। वे 16 पिलरों पर कूद-कूदकर नदी पार कर रहे हैं, जिसका वीडियो सामने आया है। स्कूली बच्चों को भी इसी खतरनाक रास्ते से गुजरना पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *