बालोद में मालगाड़ी के सामने कूद गया स्टेशन मास्टर, ड्यूटी के दौरान ही दे दी जान, सहकर्मी बोले- कुछ दिनों से गुमसुम थे

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में गुदुम रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर ने मालगाड़ी को सिग्नल देने के बाद पटरी पर लेटकर आत्महत्या कर ली। यह दिल दहला देने वाली घटना उनके सहकर्मी की आंखों के सामने हुई। जब तक ट्रेन रुकी। तब तक उनका सिर धड़ से अलग हो चुका था। यह पूरी घटना डौंडी थाना क्षेत्रान्तर्गत गुदुम रेलवे स्टेशन की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद रायपुर रेल मंडल के तमाम अधिकारी गुदुम रवाना हो गए। जानकारी के अनुसार, स्टेशन मास्टर एसएल ठाकुर बीती रात 16 जुलाई को 8 बजे से ड्यूटी पर थे। इस बीच रात करीब 12 बजे उन्होंने मालगाड़ी के सामने आकर सुसाइड कर लिया। उनको जानने वाले लोग बताते है कि, वे पिछले कुछ दिनों से काफी स्ट्रेस में थे। और ज्यादा किसी से बातचीत नहीं कर रहे थे।

ऐसी आशंका है कि, एसएल ठाकुर कर्ज से परेशान थे। जिसके कारण उन्होंने ऐसा गंभीर कदम उठाया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची डौंडी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डौंडी के मर्चुरी में भेजा है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। फिलहाल मामले की तफ्तीश में पुलिस जुटी हुई है।