पीएम मोदी ने शिबू सोरेन को दी श्रद्धांजलि, सीएम हेमंत सोरेन से की फोन कर बात

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जाहिर किया है। उन्होंने शिबू सोरेन के बेटे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी फोन पर बातचीत की है। प्रधानमंत्री ने ‘दिशोम गुरु’ को जमीन से जुड़े नेता के रूप में याद करते हुए कहा कि वह गरीबों और आदिवासियों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित रहे। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, ‘श्री शिबू सोरेन जी एक जमीनी नेता थे, जो जनसेवा के क्षेत्र में अपनी अटूट निष्ठा से ऊंचाइयों तक पहुचे। वह विशेष रूप से आदिवासी समुदायों, गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित रहे। उनके निधन से अत्यंत दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। मैंने झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी से बात कर शोक संवेदना व्यक्त की। ॐ शांति।’

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन के निधन पर सोमवार को दुख जताते हुए कहा कि उन्होंने आदिवासियों के लिए आजीवन संघर्ष किया और झारखंड राज्य के निर्माण में उनकी भूमिका को हमेशा याद रखा जाएगा। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो के वरिष्ठ नेता शिबू सोरेन जी के निधन का समाचार सुनकर गहरा दुख हुआ। आदिवासी समाज की मज़बूत आवाज़ बनकर सोरेन जी ने उनके हक और अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। झारखंड के निर्माण में उनकी भूमिका को हमेशा याद रखा जाएगा।’ उन्होंने कहा, ‘हेमंत सोरेन जी और पूरे सोरेन परिवार के साथ-साथ गुरुजी के सभी समर्थकों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।’

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दिशोम गुरु के निधन पर दुख जाहिर करते हुए उन्हें जल, जंगल, जमीन के अधिकार के लिए लड़ने वाले नेता के रूप में याद किया। उन्होंने एक्स पर कहा, ‘झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक, शिबू सोरेन जी के निधन से मैं दुःखी हूं। उन्होंने अलग झारखंड प्रदेश और वहां के लोगों के जल, जंगल, जमीन के अधिकार और आदिवासी संस्कृति के संरक्षण के लिए आजीवन संघर्ष किया। मैंने उनके सुपुत्र और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बात कर उनके परिवार और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की। दुःख की इस घड़ी में ईश्वर उन्हें संबल प्रदान करे।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *