बीजापुर में IED ब्लास्ट…एक जवान शहीद, 3 जख्मी, सर्चिंग पर निकली थी DRG की टीम

छत्तीसगढ़ : बीजापुर में नक्सलियों के लगाए गए प्रेशर IED की चपेट में आने से DRG का एक जवान शहीद हो गया है। जबकि 3 जवान घायल हैं। रविवार सुबह DRG की टीम नक्सल विरोधी अभियान पर सर्चिंग पर निकली थी। इसी दौरान पैर रखते ही ब्लास्ट में DRG का जवान दिनेश नाग शहीद हो गया। घटना भोपालपट्नम थाना इलाके की है।
जानकारी के मुताबिक, 17 अगस्त को बीजापुर के नेशनल पार्क क्षेत्र में DRG की टीम नक्सली विरोधी अभियान पर निकली थी। सर्चिंग के दौरान भोपालपट्नम इलाके के उल्लूर के जंगल में 18 अगस्त की सुबह IED ब्लास्ट हो गया। जबकि 3 जवान घायल हुए हैं। घायल जवानों की स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर है। शुरुआती इलाज के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर रेफर किया जा सकता है।
इससे पहले बीजापुर जिले में 6 अगस्त को जवानों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को ढेर किया था। मारे गए नक्सली का शव और हथियार बरामद कर लिया गया था। मामला गंगालूर थाना इलाके का है। बीजापुर में एनकाउंटर के डर से एक महिला नक्सली समेत 9 नक्सलियों ने सरेंडर किया था। 9 नक्सलियों में से 6 नक्सलियों पर 24 लाख रुपए का इनाम घोषित हैं। इनमें एक नक्सली 8 लाख और दो 5-5 लाख के साथ तीन नक्सली 2-2 लाख रुपए के इनामी हैं।