CG: 22 लाख के इनामी नक्सली-दंपती समेत 4 ने किया सरेंडर, कोंडागांव SP ने दिए 50-50 हजार

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में नक्सल मोर्चे पर सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार को कुल चार नक्सलियों ने एसपी वाय. अक्षय कुमार के सामने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला लिया। आत्मसमर्पण करने वालों में एक महिला नक्सली भी शामिल है। सबसे बड़ा नाम मानपुर डिवीजन के कोतरी एरिया कमेटी प्रभारी लक्ष्मण कोर्राम उर्फ जुन्नू का है, जिन पर 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था। लक्ष्मण के साथ उनकी पत्नी मड्डो उर्फ जरीना ने भी सरेंडर किया, जो कोतरी एरिया कमेटी की सक्रिय सदस्य थी। उस पर 5 लाख रुपये का इनाम था। इसके अलावा गवाड़ी जनताना सरकार के अध्यक्ष पांडूराम (1 लाख का इनामी) और कंपनी नंबर 5 से जुड़े नक्सली डॉक्टर सखाराम (8 लाख का इनामी) ने भी हथियार डाल दिए।
जानकारी के मुताबिक, इन नक्सलियों के सरेंडर के पीछे कई अहम कारण हैं। सुरक्षा बलों की लगातार दबावपूर्ण कार्रवाई, संगठन के अंदर बढ़ते आपसी मतभेद और हाल के वर्षों में वरिष्ठ नेताओं के आत्मसमर्पण से प्रभावित होकर ये लोग मुख्यधारा में लौटे हैं। आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सलियों को शासन की पुनर्वास नीति के तहत लाभ दिया जाएगा। तत्काल प्रभाव से इन्हें 50-50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है।