37 साल छोटी गर्लफ्रेंड को चाकू से मार डाला, बुजुर्ग बॉयफ्रेंड ने पीठ-पेट पर कई वार किए,अफेयर के शक में वारदात

छत्तीसगढ़ : धमतरी जिले में शनिवार को 67 साल के प्रेमी ने 30 साल की प्रेमिका की हत्या कर दी। उसे शक था कि महिला का किसी और से भी अफेयर है। मौका पाकर आरोपी ने प्रेमिका पर चाकू से हमला कर दिया। मामला करेली बड़ी चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, जगन्नाथ मारकंडे ग्राम हसदा का रहने वाला और पेशे से किसान है। मृतका पुष्पा मारकंडे थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध था, लेकिन शक की वजह से आरोपी ने हत्या की योजना बनाई। शनिवार शाम पुष्पा अपने बच्चे को गोद में लेकर यात्री प्रतीक्षास्थल की ओर जा रही थी। इस दौरान जगन्नाथ मारकंडे पहले से चाकू लेकर घात लगाए खड़ा था। जैसे ही महिला पहुंची, उसने उसकी पीठ और पेट पर कई वार कर दिए। हमले में बच्चा भी घायल हो गया। मौके पर पहुंचे पुलिस और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को मगरलोड अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पुष्पा को मृत घोषित कर दिया गया। बच्चे का इलाज जारी है। CSP ने बताया कि महिला का पति पिछले एक साल से रायपुर जेल में बंद था। इस दौरान जगन्नाथ मारकंडे महिला के घर आता-जाता था और उसकी मदद करता था। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था। बुजुर्ग को महिला पर किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था। इसी शक में उसने यह कदम उठाया। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया। जगन्नाथ मारकंडे को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की जांच अभी जारी है।