CG में मणिपुर हिंसा के विरोध में AAP का प्रदर्शन, केंद्र को ठहराया दोषी

क्षेत्रीय

आम आदमी पार्टी के बिलासपुर में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने देर शाम मशाल रैली निकाल कर प्रदर्शन किया। इस दौरान मणिपुर और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जमकर हल्ला बोला। कार्यकर्ताओं ने पिछले 2 माह से मणिपुर में हो रही हिंसा और महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार बलात्कार और नग्न कर महिलाओं को घुमाने की घटना के विरोध में राष्ट्रपति महामहिम द्रौपदी मुर्मू से मणिपुर सरकार को बर्खास्त करने की मांग की।

गुरुवार की देर शाम आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता हाथ में मशाल लेकर देवकीनंदन चौक पर एकत्रित हुए और रैली निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी की प्रदेश सचिव अधिवक्ता प्रियंका शुक्ला ने कहा की आम आदमी पार्टी मणिपुर के असहाय लोगों के साथ हो रहे अत्याचार और उत्पीड़न की घटना की निंदा करती है l उन्होंने देशवासियों से आग्रह किया कि असहाय महिलाओं की वीभत्स वीडियो को साझा करने से बचें। जनता इस घृणित कृत्य के खिलाफ अपनी आवाज बिना वीडियो शेयर किए बुलंद करें।

मणिपुर के साथ केंद्र सरकार को बताया दोषी
पार्टी के जिला अध्यक्ष खगेश चंद्राकर, महिला विंग की जिला अध्यक्ष आशना जयसवाल ने कहा की राज्य और केंद्र सरकार की निष्क्रियता देश के सभी नागरिकों के लिए दुखद है। इस तरह के अत्याचार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए। लेकिन, सरकार दो माह से चुप बैठी है। उन्होंने सरकार से अपील की है कि इस समस्या की ओर आंखें मूंद लेने से समस्या दूर नहीं होगी। बल्कि, केंद्र सरकार को हस्तक्षेप करना चाहिए।

वीडियो वायरल होने के बाद देश भर में भड़क रहा आक्रोश
आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों ने कहा कि देश भर में इस वीभत्स घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे कथित तौर पर मणिपुर हिंसा का बताया जा रहा है। इस वीडियो में दो महिलाओं को बंधक बनाकर नग्न अवस्था में घुमाया जा रहा है और उनके साथ लगातार यौन हिंसा की जा रही है। पदाधिकारियों ने कहा कि इस वीडियो के वायरल होने के बाद देश भर में विरोध प्रदर्शन हो रहा है और लोग आक्रोशित हैं।