अभिजीत दिपके ने तोड़ा अनशन, CJP का दावा- सरकार बातचीत के लिए तैयार
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का संसद मार्च जारी है. प्रदर्शनकारी भारी संख्या में तेजी से संसद भवन की ओर जा रहे हैं. इस बीच CJP ने दावा किया है कि सरकार उनसे बातचीत के लिए तैयार हो गई है. इस बीच पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने जंतर-मंतर पर अपना आमरण अनशन खत्म कर दिया है. दरअसल सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस 18 जुलाई को जंतर-मंतर से उठाकर अस्पताल ले गई थी. तब से ही दिपके भूख हड़ताल पर बैठे थे. हालांकि, अब ढाई दिन बाद उन्होंने अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी है.
दिपके से पहले सोमवार को ही पिछले 23 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे आइसा (AISA) के तीन छात्रों- नेहा, मनीष और आमीन ने भी अपना अनशन खत्म कर दिया. शबाना आजमी, प्रकाश राज, सांसद मनोज झा, राजाराम सिंह, अमरा राम, डॉ. योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण ने मिलकर छात्रों से अनशन खत्म करने की अपील की थी.
जूस पिलाकर अनशन खत्म कराते हुए डॉ. योगेंद्र यादव ने कहा, ‘ये भूख हड़ताल का टूटना नहीं है, बल्कि संघर्ष के इस रूप का खात्मा है.’ वहीं, एक्ट्रेस शबाना आजमी ने युवाओं की तारीफ करते हुए कहा था, ‘एक पीढ़ी के रूप में हम आज के युवाओं के लिए अच्छा करने में असफल रहे, लेकिन आप लोगों ने हमें आगे का रास्ता दिखाया है.’
CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि सरकार ने खुद सुबह आंदोलनकारियों से बातचीत के लिए संपर्क किया था. इसके बाद सीजेपी के प्रतिनिधि सौरव दास और आशुतोष रांका केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मिलने के लिए रवाना हुए. सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘सुबह सरकार ने बातचीत के लिए हाथ बढ़ाया था. आशुतोष रांका और मैं जेपी नड्डा से मिलने जा रहे हैं. हमारी मांगें बिल्कुल साफ हैं. युवाओं की भारी भीड़ जुटी है और जीत हमारी होगी.’
#WATCH | Delhi: Moment when the founding president of the Cockroach Janta Party, Abhijeet Dipke, ended his hunger strike at Jantar Mantar pic.twitter.com/na3njYX0ZX
— ANI (@ANI) July 20, 2026
एक तरफ बातचीत का दौर शुरू हुआ, तो दूसरी तरफ दिल्ली की सड़कों पर प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच तीखी झड़पें भी देखने को मिलीं. CJP के संसद मार्च में शामिल होने के लिए जंतर-मंतर की तरफ बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग की थी.
शास्त्री भवन के पास जब प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश की, तो सुरक्षा बलों ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल किया. सुरक्षा कारणों से नई दिल्ली इलाके के कई मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद कर दिए गए, वहीं, पूरे मध्य दिल्ली क्षेत्र में पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात हैं.
