गरियाबंद में ACB का बड़ा एक्शन… नगर पालिका इंजीनियर 30 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ : गरियाबंद में एसीबी ने शुक्रवार को बड़ा एक्शन लिया है. एसीबी ने नगर पालिका गरियाबंद में तैनात सहायक अभियंता को रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है. नगर पालिका गरियाबंद में कार्यरत सहायक अभियंता संजय मोटवानी को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. यह कार्रवाई ठेकेदार अजय गायकवाड़ की शिकायत पर की गई, जिन्होंने आरोप लगाया था कि पुराने शौचालय निर्माण कार्य का फाइनल बिल पास करने के लिए इंजीनियर ने उनसे कुल 1 लाख 30 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी.
इस पूरे प्रकरण में शिकायतकर्ता ठेकेदार अजय गायकवाड़ मीडिया के सामने आए. उन्होंने बताया कि सहायक अभियंता संजय मोटवानी करीब चार महीने पहले ही गरियाबंद नगर पालिका में तैनात हुए हैं. अजय गायकवाड़ ने आरोप लगाया कि संजय मोटवानी पुराने शौचालय के निर्माण कार्य के फाइनल बिल को जारी करने के लिए पूरे निर्माण कार्य का 50 फीसदी रिश्वत के रूप में मांग रहे थे. उन्होंने कहा कि कुल बिल ढाई लाख रुपये हो रहा था. इसके एवज में उन्होंने 1 लाख 30 हजार रुपये रिश्वत मांगी. बार बार मिन्नत करने के बाद भी इंजीनियर नही माना तो अजय गायकवाड़ ने एसीबी से शिकायत कर दी. शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो ने ट्रैप का पूरा प्लान तैयार किया. इंजीनियर ने पहले किश्त के रूप में 30 हजार रुपये मांगे थे. तय योजना के अनुसार शुक्रवार को ठेकेदार को साईं गार्डन के पास बुलाया गया. इंजीनियर अपनी निजी कार में आए और ठेकेदार को कार में बिठाकर रिश्वत की राशि कार की डिक्की में रखवाया. जैसे ही लेन-देन पूरा हुआ, ACB की टीम ने मौके पर छापा मारकर इंजीनियर को दबोच लिया. रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई और इंजीनियर को हिरासत में लेकर नगर पालिका कार्यालय ले जाया गया, जहां शौचालय निर्माण से जुड़ी फाइलों की गहन जांच की गई.
