जयपुर में बड़ा हादसा! घर में चल रही पटाखा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 3 की मौत
राजस्थान के जयपुर में एक भीषण हादसा हुआ है. यहां के खो नागोरियान इलाके में एक घर के भीतर चल रही पटाखा फैक्ट्री में भयंकर आग लग गई. इस भीषण हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए. घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन ने राहत बचाव कार्य शुरू किया.
जानकारी के मुताबिक, यह पटाखा फैक्ट्री किसी खुले मैदान या औद्योगिक क्षेत्र में नहीं, बल्कि आबादी वाले इलाके के एक मकान के अंदर चलाई जा रही थी. अचानक लगी आग के बाद जोरदार धमाका हुआ, जिसने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में झुलसे पांचों घायलों को इलाज के लिए SMS अस्पताल लाया गया. डॉक्टरों के मुताबिक झुलसे हुए लोगों की स्थिति काफी नाजुक बनी हुई है, जिन्हें बचाने के लिए मेडिकल टीम लगातार प्रयास कर रही है.
