कोलकाता में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन गोदाम गिरा, कई लोग मलबे में फंसे

पश्चिम कोलकाता के तारातला थाना क्षेत्र में ब्रेस ब्रिज के पास ट्रांसपोर्ट डिपो रोड पर स्थित एक निर्माणाधीन गोदाम की छत बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक ढह गई, जिसमें वहां काम कर रहे कई मजदूरों के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है. कोलकाता पुलिस के अधिकारियों, आपदा प्रबंधन समूह (DMG), नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) और दमकल विभाग की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया, जिसके तहत अब तक चार लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है.

पुलिस के मुताबिक, तारातला इलाके में ब्रेस ब्रिज के पास ट्रांसपोर्ट डिपो रोड पर एक गोदाम का निर्माण कार्य चल रहा था. बुधवार दोपहर के समय जब मजदूर वहां रोज की तरह काम कर रहे थे, तभी अचानक छत का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर गया। मलबे के भारी होने के कारण वहां चीख-पुकार मच गई.