रायपुर : मैरिज पैलेस में बड़ा हादसा.. देर रात लिफ्ट टूटकर गिरा, तीन लोग घायल…

क्षेत्रीय

रायपुर :  विधानसभा थाना क्षेत्र के एक मैरिज पैलेस में मंगलवार तड़के लिफ्ट का तार टूट गया। लिफ्ट टूटने से तीन से चार लोगों को चोटें आई हैं। सौभाग्यवश लिफ्ट की ऊंचाई कम थी, इसलिए बड़ा हादसा टल गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर भी पहुंची थी, लेकिन आयोजकों ने पुलिस को सामान्य घटना बताकर किसी तरह से एफआईआर दर्ज कराने से मना कर दिया। इस घटना ने बड़े भवनों में लिफ्ट की नियमित जांच और सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। पुलिस के मुताबिक घटना साइंस सेंटर के आगे मूरत पैलेस की है। विधानसभा टीआई के मुताबिक पेट्रोलिंग पार्टी को पौने तीन बजे के आसपास लिफ्ट टूटने की जानकारी मिली। मौके पर पेट्रोलिंग टीम पहुंची, तो विवाह समारोह में शामिल लोगों ने पेट्रोलिंग टीम को सामान्य घटना बताकर वहां से चलता कर दिया।

लिफ्ट टूटने से लिफ्ट में सवार तीन से चार लोगों को चोटें आई हैं। घायलों को लड़की पक्ष को बताया जा रहा है। वे बिल्हा से आए थे। लड़का पक्ष के लोग रायपुर के हैं, लड़के के पिता नगर निगम का सेवा निवृत्त एक्जक्यूटिव इंजीनियर बताए गए हैं। नियमित मेंटेनेस कराने की जरूरत:राजधानी के ज्यादातर सार्वजनिक तथा व्यावसायिक भवनों में लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिफ्ट की सुविधा दी जाती है। सार्वजनिक तथा व्यावसायिक भवनों में लगी लिफ्ट का समय पर मेंटेनेंस नहीं हो पाता। ऐसे में दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लिफ्ट का उपयोग हो या न हो, बावजूद इसके लिफ्ट का हर महीने मेंटेनेंस होना जरूरी है। लिफ्ट का सही तरीके से रखरखाव नहीं होने की वजह से हादसे होते हैं।