न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा… एयर कनाडा का विमान फायर ट्रक से टकराया, कई लोग घायल
अमेरिका के न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा हुआ है। एयर कनाडा का एक प्लेन एयरपोर्ट पर रनवे से टकरा गया है। इस दुर्घटना में कई लोगों के घायल होने की खबर है। राहत और बचाव कार्य में कर्मचारी लगे हैं। अमेरिका के व्यस्त हवाईअड्डों में से एक न्यूयॉर्क के LaGuardia Airport पर ये विमान हादसा हुआ है। हादसे के बाद सुरक्षा कारणों से हवाईअड्डे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और सभी उड़ानों के संचालन को रोक दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एयर कनाडा एक्सप्रेस विमान हवाईअड्डे पर उतर रहा था, तभी रनवे पर मौजूद एक ग्राउंड वाहन यानी फायर ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद विमान में सवार यात्रियों और ग्राउंड स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। न्यूयॉर्क पुलिस विभाग ने टक्कर की पुष्टि की, लेकिन तत्काल कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं दे सका। न्यूयॉर्क सिटी फायर विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि दमकलकर्मियों ने रात 11:38 बजे रनवे पर एक वाहन से विमान के टकराने की सूचना पर कार्रवाई की। तत्काल कोई अतिरिक्त जानकारी उपलब्ध नहीं थी।
अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि रनवे पर फायर ट्रक की मौजूदगी और विमान की आवाजाही के बीच तालमेल में कहां चूक हुई। विमानन सुरक्षा एजेंसियां और हवाईअड्डा प्रशासन संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं।
इस घटना के बाद New York City के इस प्रमुख हवाईअड्डे पर उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ है, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों ने कहा है कि सुरक्षा जांच पूरी होने और रनवे को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही हवाईअड्डे को दोबारा खोला जाएगा।
