राजस्थान-हरियाणा बॉर्डर पर बड़ा हादसा, मिट्टी धंसने से 7 मजदूरों की दर्दनाक मौत

दिल्ली-जयपुर हाइवे पर स्थित सिधरावली में ‘सिग्नेचर ग्लोबल’ कंपनी की एक निर्माणाधीन साइट पर सोमवार रात एक भीषण हादसा हो गया। कंस्ट्रक्शन कार्य के दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा धंसने के कारण वहां काम कर रहे 11 मजदूर मलबे के नीचे दब गए। इस हृदयविदारक घटना में 7 श्रमिकों की मौत हो गई है। जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना बिलासपुर की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) को बुलाया गया। जिला प्रशासन और बचाव दलों ने संयुक्त रूप से भारी मशीनों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, जो देर रात करीब 03:30 बजे तक चला।

मलबे से निकाले गए सभी व्यक्तियों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 7 मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। घायल 4 श्रमिकों का उपचार वर्तमान में अस्पताल में जारी है। हादसे का शिकार हुए श्रमिक मुख्य रूप से झारखंड, राजस्थान और नेपाल के रहने वाले थे।

पुलिस ने सभी मृतक व घायल व्यक्तियों के परिजनों को सूचित कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के पहुंचने पर उनकी शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज की जाएगी।

पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी हुई है या नहीं, इसकी भी समीक्षा की जा रही है। घटना के लिए जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।