खैरागढ़ से दुर्ग आकर करता था साइकिल चोरी, CCTV फुटेज के जरिए पकड़ाया आरोपी
दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र में पिछले दो महीने से लगातार हो रही साइकिल चोरी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की 6 रेंजर साइकिल बरामद की गई हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को तेलगूपारा मरोदा टंकी निवासी आनंद पाटिल ने नेवई थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 20 जुलाई को उनके बेटे ने घर के सामने रेंजर साइकिल खड़ी की थी। कुछ देर बाद साइकिल गायब मिली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी सबूतों और फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान हुई। इसके बाद 27 जुलाई को नेवई ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान पवन जंघेल (32), निवासी लोधीपारा, वार्ड क्रमांक-16, खैरागढ़ जिला केसीजी के रूप में बताई। उसने स्वीकार किया कि पिछले करीब दो महीनों में नेवई थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से 6 साइकिलें चोरी की थीं।
आरोपी ने स्टेशन मरोदा बस्ती, बीआरपी कॉलोनी, मौहारी मरोदा, तेलगूपारा मरोदा समेत आसपास के क्षेत्रों से साइकिलें चुराने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सभी साइकिलें बरामद कर लीं। जांच के दौरान साइकिलों से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी जुटाए गए।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी सुनसान इलाकों और कॉलोनियों में घूमकर पहले रेकी करता था। वह ऐसे मकानों और सार्वजनिक स्थानों को निशाना बनाता था, जहां साइकिलें बिना ताले या सुरक्षा के खड़ी रहती थीं। मौका मिलते ही वह साइकिल लेकर फरार हो जाता और बाद में उन्हें छिपाकर रख देता था।
पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
