आरोपी ने कबूल किया अपना जुर्म, महाराष्ट्र PSC टॉपर दर्शना का मर्डर दोस्त ने किया था, तय दूसरी जगह हुई तो मारकर किले से फेंका

राष्ट्रीय

महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) की टॉपर (थर्ड पोजिशन) रहीं दर्शना पवार की मर्डर मिस्ट्री 10 दिन बाद सुलझ गई है। पुलिस ने बुधवार देर रात उनके दोस्त राहुल हंडोरे को अरेस्ट कर लिया। उसने 12 जून को राजगढ़ किले में हत्या करके लाश पहाड़ी से नीचे फेंक दी थी।

राहुल ने बताया कि दर्शना के परिवार वालों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी। शादी की तैयारियां भी शुरू हो गई थीं, जबकि वह खुद उससे शादी करना चाहता था।

फॉरेस्ट रेंजर चुना गया था
महाराष्ट्र के कोपरगांव की रहने वाली 26 साल की दर्शना दत्तू पवार MPSC में राज्य में तीसरी पोजिशन पर आई थीं। उन्हें फॉरेस्ट डिपार्टमेंट में रेंजर चुना गया था। उनकी इस कामयाबी पर कोचिंग सेंटर (जिसमें वे पढ़ती थीं) ने उन्हें सम्मानित करने के लिए 11 जून को पुणे बुलाया था। दर्शना 9 जून को पुणे पहुंच गई थीं। यहां वे अपनी एक सहेली के घर पर ठहरी हुई थीं।

12 जून को राजगढ़ फोर्ट से हो गई थीं लापता
इसके तीन दिन बाद यानी कि 12 जून को दर्शना ने अपने परिवार और दोस्तों को भी बताया था कि वे राजगढ़ फोर्ट घूमने जा रही हैं। राजगढ़ फोर्ट पहुंचने के करीब दो घंटे बाद ही दर्शना का मोबाइल स्विच ऑफ हो गया था। इसके बाद उनके परिवार ने उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी।

19 जून को मिला था शव
गुमशुदगी के 7 दिनों बाद 19 जून को पुणे की ग्रामीण पुलिस ने राजगढ़ की तलहटी से दर्शना का शव बरामद किया था। दर्शना की लाश से करीब 50-60 मीटर की दूरी पर उनका चश्मा, शूज और मोबाइल मिला था। इससे ही साफ हो गया था कि राहुल ने लाश फेंकने के बाद उनका यह सामान भी फेंका था।

मोबाइल फेंकने से पहले उसे स्विच ऑफ कर दिया था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी गला घोंटकर हत्या करने की बात सामने आई है।

राहुल भी 12 जून से लापता था
साइबर पुलिस की जांच में भी यह पता चला था कि दर्शना के मोबाइल की आखिरी लोकेशन 12 जून को राजगढ़ फोर्ट के अंदर थी। इसके बाद राजगढ़ के आसपास की लोकेशन की CCTV फुटेज की जांच की गई तो दर्शना के साथ राहुल हंडोरे भी नजर आया।

कुछ फुटेज में यह भी देखा गया कि दोनों बाइक से फोर्ट घूमने पहुंचे थे। राहुल भी 12 जून से लापता था और उसका मोबाइल स्विच ऑफ था। राहुल के परिवार ने भी उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके बाद से ही राहुल पर दर्शना की हत्या का शक था।

दोनों ने साथ ही दिया था एग्जाम
राहुल हंडोरे नासिक जिले के सिन्नर लाटुक्या के शाह गांव का मूल निवासी है। उसने B.Sc. तक पढ़ाई की। उसकी दर्शना से मुलाकात पुणे के कोचिंग सेंटर में ही हुई थी। राहुल भी दर्शना के साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था और दर्शना का दूर का रिश्तेदार भी था। दोनों ने साथ ही एग्जाम दिया था, लेकिन वह अटेम्प्ट में असफल रहा। जबकि दर्शना ने टॉपर की लिस्ट में जगह बनाई थी।