BREAKING : सलमान के घर के बाहर फायरिंग के 2 आरोपी गिरफ्तार, मुंबई क्राइम ब्रांच ने गुजरात से अरेस्ट किया

मनोरंजन राष्ट्रीय

सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को मुंबई के किला कोर्ट ने 10 दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया है। दोनों आरोपियों को मुंबई क्राइम ब्रांच ने सोमवार देर रात गुजरात के भुज से अरेस्ट किया था। उन्हें मंगलवार दोपहर मुंबई लाया गया। आरोपियों की पहचान विक्की साहेब गुप्ता और सागर श्रीजोगेंद्र पाल के तौर पर हुई है, जो बिहार के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों ने जिस पिस्तौल से फायरिंग की थी, उसे सूरत की नदी में फेंक दिया था। इन दोनों ने सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के सामने 14 अप्रैल की सुबह 5 बजे फायरिंग की थी। दोनों बाइक पर सवार होकर आए और 4 राउंड फायर किए। फायरिंग के वक्त सलमान अपने घर में ही थे। घटना के बाद सलमान के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। CCTV फुटेज में दिख रहा है दोनों आरोपियों ने स्पोर्ट्स कैप पहन रखी है और कंधे पर बैग टांगा हुआ था। इस फुटेज में दोनों सलमान के घर की तरफ फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, दोनों आरोपी लॉरेंस गैंग का हिस्सा हैं। खान को लॉरेंस-गोल्डी बराड़ गैंग ने जान से मारने की धमकी दी थी।

फायरिंग की घटना के बाद लॉरेंस के भाई अनमोल ने एक ऑनलाइन पोस्ट में इस वारदात की जिम्मेदारी ली थी। उसने इस वारदात को ट्रेलर बताया और सलमान को वॉर्निंग दी। लॉरेंस कई हाई-प्रोफाइल लोगों के मर्डर के आरोप में इस वक्त तिहाड़ जेल में है।