बालोद में पुलिसकर्मी की बेटी पर एसिड अटैक, लाइब्रेरी से लौट रही थी छात्रा
बालोद: सिटी कोतवाली इलाके में आज छात्रा पर बदमाश ने एसिड अटैक कर दिया. एसिड अटैक में छात्रा बाल-बाल बच गई. छात्रा को शरीर के कुछ हिस्सा जरूर झुलस गया है. फिलहाल छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है. जिस वक्त बदमाश ने छात्रा पर एसिड फेंका उस वक्त छात्रा लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक छात्रा की उम्र 22 साल है और वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है. पढ़ाई के सिलसिले में ही वो ई-पुस्तकालय गई थी, जहां से वह घर लौट रही थी. तभी रास्ते में बदमाश ने उसका रास्ता रोककर उसपर एसिड अटैक कर दिया. परिजनों के मुताबिक छात्रा पढ़ाई में काफी होनहार है और उसके पिता पुलिस विभाग में पदस्थ हैं.
घटना की गंभीरता को देखते हुए खुद एसपी किरण चह्वाण पुलिस टीम के साथ बदमाश को गिरफ्तार करने के लिए निकले हैं. पुलिस की टीमें लगातार घेराबंदी कर बदमाश को दबोचने की कोशिश में जुटी है. पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा. पुलिस जांच में सभी जरुरी जानकारियों को भी जुटाया जा रहा है. बदमाश की पहचान के लिए पुलिस की टीमें घटनास्थल के आसपास लगी सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है. बताया जा रहा है कि जिस वक्त बदमाश ने लड़की का रास्ता रोका उस वक्त उसकी मदद के लिए कोई सामने नहीं आया. लड़की ने किसी तरह से मौके से भागकर अपनी जान बचाई. अगर लड़की वहां से नहीं भागती तो बड़ी घटना हो सकती थी.
